लोस चुनाव 2014: कांग्रेस की दूसरी सूची में बंसल, राजबब्बर, नगमा समेत 71 नाम

लोस चुनाव 2014: कांग्रेस की दूसरी सूची में बंसल, राजबब्बर, नगमा समेत 71 नाम

लोस चुनाव 2014: कांग्रेस की दूसरी सूची में बंसल, राजबब्बर, नगमा समेत 71 नाम नई दिल्ली : कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार रात अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें पवन कुमार बंसल, फिल्म अभिनेत्री नगमा, पार्टी प्रवक्ता राज बब्बर और पूर्व मंत्री सुबोध कांत सहाय सहित 71 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

उम्मीदवारों की इस सूची में एम वीरप्पा मोइली, शशि थरूर, वी नारायणसामी, के सी वेणुगोपाल, के वी थामस और मुल्लापल्ली रामचन्द्रन सहित अनेक केन्द्रीय मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। पार्टी प्रवक्ता राज बब्बर को गाजियाबाद से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने पिछली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को फिरोजाबाद में एक उपचुनाव में पराजित किया था। गाजियाबाद से फिलहाल भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह सांसद हैं।

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के डुमरियागंज से तरूण पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जहां से जगदंबिका पाल सांसद थे जिन्होंने हाल में ही पार्टी से नाता तोड़ लिया है। पार्टी ने झारखंड में रांची से सुबोध कांत सहाय को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है जबकि फिल्म अभिनेत्री नगमा मेरठ से मैदान में उतरेंगी। उम्मीदवारों की इस सूची में उत्तर प्रदेश की 13, मप्र की 3, महाराष्ट्र की 7, कर्नाटक की 10 और केरल की 15 सीटें शामिल हैं। इस सूची के साथ पार्टी अब तक कुल 261 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी द्वारा पिछले हफ्ते 194 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गयी थी जिनमें से चार उम्मीदवारों को बदला गया था। कांग्रेस की दूसरी सूची में युवक कांग्रेस नेता राजीव सताव का नाम भी शामिल है जिन्हें महाराष्ट्र के हिंगोली से उम्मीदवार बनाया गया है। यह सीट पहले तालमेल के तहत एनसीपी के पास थी, लेकिन लगता है कि बाद में शीर्ष स्तर पर बातचीत कर इसे सताव के लिए लिया गया।
पार्टी की वरिष्ठ नेता नूर बानो को मुसलमान बहुल मुरादाबाद से उम्मीदवार बनाया गया है। लोकसभा में उन्होंने पहले रामपुर का प्रतिनिधित्व किया था। अभी अजहरउद्दीन मुरादाबाद से कांग्रेस सांसद हैं। पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता पी सी चाको के निर्वाचन क्षेत्र को त्रिशूर से बदलकर इस बार चलाकुडी से उम्मीदवार घोषित किया गया है। त्रिशूर से केपी धनपालन उम्मीदवार होंगे। राजस्थान में दिवंगत नेता शीश राम ओला की पुत्र वधू राजबाला ओला को झुंझनू से टिकट दिया गया है। उत्तर प्रदेश की पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी लखनऊ से किस्मत आजमाएंगी। यहां से भाजपा प्रमुख राजनाथ सिंह के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। अभी यह सीट भाजपा के लालजी टंडन के पास है। पार्टी हिमाचल प्रदेश मंडी निर्वाचन क्षेत्र से राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को मैदान में उतार रही है, जबकि भक्त चरण दास उड़ीसा के कालाहांडी से एक बार फिर किस्मत आजमाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 13, 2014, 23:46

comments powered by Disqus