पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह की जमानत रद्द करने को दी याचिका

पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह की जमानत रद्द करने को दी याचिका

नई दिल्ली : लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) तेजिंदर सिंह ने दिल्ली की एक अदालत में सोमवार को याचिका दायर करके पूर्व सेना प्रमुख वी के सिंह को दी गई जमानत रद्द करने अपील की। तेजिंदर सिंह ने वी के सिंह के खिलाफ आपराधिक मानहानि मामला दर्ज किया था।

तेजिंदर सिंह ने दावा किया कि पूर्व सेना प्रमुख ने अपनी हाल में प्रकाशित पुस्तक में उनकी मानहानि करते हुए उन पर बार बार आरोप लगाए हैं। तेजिंदर ने मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट जय थरेजा के समक्ष दायर याचिका में आरोप लगाया कि वी के सिंह ने अदालत द्वारा तीन अक्तूबर को दिए गए संयम बरतने के आदेश के बावजूद अपनी आत्मकथा ‘करेज एंड कन्विक्शन’ में उनकी मानहानि करते हुए उनके खिलाफ कई आरोप लगाए हैं।

अदालत ने तीन अक्तूबर को वी के सिंह की जमानत रद्द करने संबंधी तेजिंदर की याचिका का निपटारा करते हुए पूर्व सेना प्रमुख को चेतावनी दी थी कि वह तेजिंदर की मानहानि करने वाली टिप्पणियां न करें अन्यथा उनकी जमानत रद्द कर दी जाएगी। मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए थे कि वी के सिंह को अपने तरीके में सुधार करना करना चाहिए, शिकायतकर्ता की मानहानि करने वाली टिप्पणियां बार बार करने से बचना चाहिए और अदालत के बारे में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए।’’ तेजिंदर ने अपनी याचिका में कहा कि वी के सिंह ने अपनी आत्मकथा की पृष्ठ संख्या 308, 309, 310 और 330, 331 और 332 में उनकी मानहानि करते हुए आरोप लगाए और टिप्पणियां कीं। अदालत ने याचिका की सुनवाई के लिए 28 नवंबर की तारीख तय की है। (एजेंसी)

First Published: Monday, November 25, 2013, 19:26

comments powered by Disqus