आसियान शिखर सम्मेलन के लिए बुधवार को रवाना होंगे PM

आसियान शिखर सम्मेलन के लिए बुधवार को रवाना होंगे PM

नई दिल्ली : दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के साथ आर्थिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बुधवार से ब्रूनेई तथा इंडोनेशिया की यात्रा पर जा रहे हैं जिस दौरान वे आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जबकि भारत आसियान के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अगले तीन महीने में पूरा करने की कोशिशों में जुटा है।

सिंह 10 अक्तूबर को ब्रूनेई दारूसलेम में पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वे इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा पर जाएंगे। इसमें उनके साथ विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद तथा वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा भी होंगे।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) अशोक कांठा ने कहा कि सेवा तथा निवेश के लिए एफटीए की सभी ‘कानूनी सफाई’ की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारा मानना है कि इस पर कैलेंडर वर्ष 2013 में हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। आसियान देश आंतरिक प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि फिलीपीन तथा थाइलैंड आदि देशों ने एफटीए पर आपत्ति जताई थी लेकिन उन्हें उचित तरीके से सुलझा लिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि समझौते पर 2013 के आखिर तक हस्ताक्षर कर लिए जाएंगे।

आसियान-भारत व्यापार इस समय 76 अरब डॉलर है जिसे 2015 तक बढ़ाकर 100 अरब डॉलर तथा 2022 तक 200 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखा गया है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दक्षिण चीन सागर विवाद पर भारत का रुख पूरी तरह स्पष्ट है कि यह मुद्दा अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया जाए।

प्रधानमंत्री सिंह की ब्रूनेई में आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टान एब्बाट से भी मुलाकात हो सकती है। इसके बाद सिंह 10-12 अक्तूबर को इंडोनेशिया जाएंगे।

आसियान में ब्रूनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाइलैंड तथा वियतनाम आते हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 7, 2013, 20:42

comments powered by Disqus