Last Updated: Friday, January 3, 2014, 09:13
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आज देश की मीडिया से औपचारिक रूप से रू-ब-रू होकर अपनी चुप्पी तोड़ेंगे। माना जा रहा है कि मनमोहन सिंह आज मीडिया के साथ बातचीत में 10 वर्षों के संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) के कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्योरा देंगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री वर्ष 2004 में संप्रग के सत्ता में आने के बाद से आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, महंगाई पर नियंत्रण और छोटे कारोबार को प्रोत्साहन एवं समर्थन जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति को सामने रखेंगे। प्रधानमंत्री हालांकि अपने संबोधन में उस अनुमान के मुताबिक अपने इस्तीफे की घोषणा नहीं करेंगे जिसमें कहा जा रहा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का रास्ता साफ करने के लिए इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री दरअसल इस धारणा को तोड़ना चाहते हैं कि देश में काम हुआ ही नहीं है। सूत्रों ने कहा कि सिंह मूलत: तीन मुद्दों - राजनीति, अर्थव्यवस्था और विदेशी मामलों पर बोलेंगे और बताएंगे कि क्या हासिल हुआ और क्या करना बाकी रह गया। बतौर प्रधानमंत्री मनमोहन के पूरे 10 साल के कार्यकाल में उनका यह तीसरा पूर्ण संवाददाता सम्मेलन होगा।
प्रधानमंत्री मंहगाई और भ्रष्टाचार के मामलों से निपटने के लिए उठाये गये कदमों के बारे में बताएंगे। इन मुद्दों को लेकर सरकार को कड़े हमले झेलने पड़े हैं। भ्रष्टाचार पर सिंह संभवत: लोकपाल विधेयक के पारित होने की चर्चा करेंगे और साथ ही इस समस्या से निपटने के लिए एक ढांचा खड़ा करने के लिए अन्य कानून बनाने के प्रस्ताव की चर्चा कर सकते हैं।
जहां तक मंहगाई का सवाल है, मनमोहन सिंह इसके कारणों का उल्लेख करेंगे। वह संभवत: निर्माण, रोजगार और लघु उद्योग के क्षेत्र में हुई वृद्धि का उल्लेख कर सकते हैं। लोकसभा चुनाव से महज कुछ महीने पहले हो रहा यह संवाददाता सम्मेलन मनमोहन सिंह के मई, 2009 से शुरू हुए दूसरे कार्यकाल की दूसरी पत्रकार वार्ता होगी। कमजोर नीतियों, भ्रष्टाचार, महंगाई और कुछ अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर संप्रग सरकार आलोचनाओं का सामना कर रही है।
गौर हो कि मनमोहन सिंह का दूसरा कार्यकाल भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा रहा है और सरकार के कुछ मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण इस्तीफा देना पड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में उद्घाटित राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वरिष्ठ संपादकों सहित 250 मीडियाकर्मी भाग लेंगे।
First Published: Friday, January 3, 2014, 08:23