देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने ली शपथ, नए युग की शुरुआत, मजबूत और विकसित राष्ट्र का किया वादा

देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने ली शपथ, नए युग की शुरुआत, मजबूत और विकसित राष्ट्र का किया वादा

देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने ली शपथ, नए युग की शुरुआत, मजबूत और विकसित राष्ट्र का किया वादाज़ी मीडिया ब्यूरो/ रामानुज सिंह
नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी ने भारत के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। इस दौरान मंत्रिमंडल के करीब 45 सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई, जिनमें 23 कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले 10 मंत्री और 12 राज्यमंत्री शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 7 RCR नहीं जाएंगे, गुजरात भवन में ही रहेंगे। मंगलवार को 8 बजे पदभार संभालेंगे।

राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आयोजित समारोह में निमंत्रण देकर बुलाए गए आठ पड़ोसी देशों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति में नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।

मोदी के शपथ ग्रहण करने के कुछ ही सेकेंड बाद प्रधानमंत्री कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर मोदी की तरफ से एक संदेश प्रसारित किया गया। मोदी ने अपने संदेश में उज्‍जवल भारत के भविष्य की इबारत लिखने का वादा किया। इसके अलावा उन्होंने एक मजबूत, विकसित और समावेशी राष्ट्र का भी वादा किया और विश्व शांति तथा समुन्नति के लिए कार्य करने की बात कही।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली ने सोमवार को नरेंद्र मोदी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ग्रहण किया।

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वालों में भाजपा के अन्य नेताओं में एम.वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, डी.वी.सदानंद गौड़ा, उमा भारती, नजमा हेपतुल्ला, गोपीनाथ मुंडे, कलराज मिश्र, अनंत कुमार, रविशंकर प्रसाद, स्मृति ईरानी, हर्षवर्धन, मेनका गांधी, जुएल ओरम, नरेंद्र सिंह तोमर, राधा मोहन सिंह और थावरचंद गहलोत शामिल हैं।

इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रमुख रामविलास पासवान, शिवसेना के अनंत गीते, शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) की हरसिमरत कौर बादल और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अशोक गजापति राजू ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।

स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्रियों के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले सांसदों में राव इंदरजीत सिंह, पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वी. के. सिंह, संतोष कुमार गंगवार, श्रीपद नाइक, धर्मेद्र प्रधान, सरवानंद सोनवाल, प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल, जितेंद्र सिंह और निर्मला सीतारमण शामिल हैं।

इनके अलावा जी. एम. सिद्धेश्वरा, मनोज सिन्हा, उपेंद्र कुशवाहा, पी. राधाकृष्णन, कीरेन रीजिजू, कृष्णा पाल, संजीव कुमार बालियान, मानुषभाई वसावा, राव साब डान्वे, विष्णु देव साई, सुदर्शन भगत और निहाल चंद ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।

शपथ ग्रहण समारोह में राजनीति, उद्योग जगत, सिनेजगत और अन्य क्षेत्रों के 4000 मेहमानों के बीच 100 से भी अधिक देशों से आए रजनयिक भी शामिल थे।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नरेंद्र मोदी को हिंदी में पद व गोपीनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में उपस्थित सार्क देशों के प्रतिनिधियों में श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे, अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई, मालदीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे, मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला शामिल थे। बांग्लादेश के प्रतिनिधि के रूप में बांग्लादेशी संसद की अध्यक्ष शिरीन शरमिन चौधरी ने शिरकत की।

गत 10 वर्षो तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का नेतृत्व करने वाले मनमोहन सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके पुत्र राहुल गांधी, पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे.अब्दुल कलाम और प्रतिभा देवी सिंह पाटिल 4,000 गणमान्य हस्तियों में शामिल थे जिन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में मौजूदगी दर्ज कराई।

मोदी के मंत्रिमंडल में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को जगह नहीं मिली। इनके अलावा पार्टी के ही मुख्तार अब्बास नकवी, राजीव प्रताप रूडी, शत्रुघ्न सिन्हा और अनुराग ठाकुर भी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए गए।

इससे पहले आज सुबह नरेंद्र मोदी राजघाट गए जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आवास पर जाकर उन्होंने उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंत्रिपरिषद के सदस्यों की सूची राष्ट्रपति को भेजी। इस अवसर पर रायसीना हिल के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

7:27 pm सुदर्शन भगत ने मंत्री पद की शपथ ली। झरखंड के लोहरदग्गा से भाजपा सांसद हैं। राज्य मंत्री बने।

7:25 pm विष्णु देव ने मंत्री पद की शपथ ली। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से भाजपा सांसद हैं। राज्यमंत्री बने।

7:24 pm रावसाहेब दानवे ने मंत्री पद की शपथ ली। महाराष्ट्र से सांसद हैं, गोपीनाथ मुंडे के करीबी माने जाते हैं। राज्यमंत्री बने।

7:23 pm मनसुखभाई बसावा ने मंत्री पद की शपथ ली। गुजरात से भाजपा सांसद हैं। राज्यमंत्री बने।

7:20 pm डॉ. संजीव कुमार बालियान ने मंत्री पद की शपथ ली। मुजफ्फरनगर से भाजपा सांसद हैं। बसपा के कादिर राणा को हराया था। राज्य मंत्री बने।

7:19 pm कृष्ण पाल गुर्जर ने मंत्री पद की शपथ ली। हरियाणा के फरीदाबाद से सांसद हैं। कांग्रेस के अवतार सिंह भड़ाना को हराया।

7:18 pm किरण रिजिजु ने मंत्री पद की शपथ ली। अरूणाचल पश्चिम से सांसद हैं।

7:17 pm राधाकृष्णन ने मंत्री पद की शपथ ली। तामिलनाडु से एक मात्र भाजपा सांसद हैं। राज्य मंत्री बने।

7:15 pm उपेंद्र कुशवाहा ने मंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी के अध्यक्ष हैं। बिहार के काराकट से सांसद हैं। राज्यमंत्री बने।

7:12 pm मनोज सिन्हा ने मंत्री पद की शपथ ली। उत्तर प्रदेश से सांसद चुनकर पहुंचे हैं। राज्य मंत्री बने।

7:11 pm जी एम सिद्धेश्वर ने मंत्री पद की शपथ ली। कर्नाटक से आते हैं।

7:09 pm निर्मला सीतारमण ने मंत्री पद की शपथ ली। बीबीसी में कुछ दिनों तक काम किया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रही हैं।

7:07 pm डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। जम्मू कश्मीर के उधमपुर से सांसद हैं, गुलाम नबी आजाद को हराया।

7:05 pm पीयूष गोयल ने मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा के कोषाध्यक्ष हैं। सोशल मीडिया पर भाजपा के कैंपने के अगुवा रहे। महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं।

7:03 pm प्रकाश जावड़ेकर ने मंत्री पद की शपथ ली। महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं।

7:02 pm सरबानंद सोनोवाल ने मंत्री पद की शपथ ली।

7:00 pm धर्मेंद्र प्रधान ने मंत्री पद की शपथ ली। बिहार से राज्यसभा सांसद हैं। लोजपा से गठबंधन कराने में अहम भूमिका निभाई।

6:58 pm श्रीपद नाइक ने मंत्री पद की शपथ ली। गोवा से भाजपा सांसद हैं।

6:56 pm संतोष गंगवार ने मंत्री पद की शपथ ली। उत्तर प्रदेश के बरेली से सांसद हैं।

6:55 pm राव इंद्रजीत सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। गुड़गांव से भाजपा सांसद हैं।

6:54 pm जनरल वीके सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। गाजियाबाद से सांसद चुने गए।

6:53 pm डॉ. हर्षवर्धन ने मंत्री पद की शपथ ली। कपिल सिब्बल को दिल्ली की चांदनी चौक सीट पर लोकसभा चुनाव में हराया।

6:50 pm स्मृति ईरानी ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यसभा से सांसद हैं। राहुल गाधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ी थीं, पर हार गईं थी।

6:49 pm थावर चंद गहलोत ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यसभा से सांसद हैं, मध्यप्रदेश में भाजपा नेता हैं।

6:47 pm राधा मोहन सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। बिहार के चंपारण से सांसद हैं।

6:45 pm जोएल उरांव ने मंत्री पद की शपथ ली। ओडिशा से भाजपा सांसद हैं।

6:44 pm नरेंद्र सिंह तोमर ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:42 pm हरसिमरत कौर ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:40 pm अनंत गीते ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:39 pm अशोक गजपति राजू ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:38 pm रविशंकर प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:37 pm अनंत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:35 pm मेनका गांधी ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:33 pm कलराज मिश्र ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:31 pm रामविलास पासवान ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:29 pm गोपीनाथ मुंडे ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:27 pm नज़मा हेपतुल्ला ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:26 pm उमा भारती ने मंत्री पद की शपथ ली।

6:24 pm सदानंद गौड़ा ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

6:22 pm नितिन गडकरी ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

6:20 pm बैंकैया नायडू ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

6:18 pm अरूण जेटली ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

6:16 pm सुषमा स्वराज ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

6:14 pm राजनाथ सिंह ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

6:11 pm नरेंद्र मोदी ने भारत के 15वें प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। मोदी ने हिन्दी में शपथ ली।

6:10 pm राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से इजाजत लेकर समारोह की शुरूआत की गई।

6:08 pm राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी समारोह में पहुंचे।

6:01 pm आमंत्रित करीब सभी मेहमान राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं।

6:00 pm उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी राष्ट्रपति भवन पहुंचे।

5:59 pm नरेंद मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंचे।

5:53 pm अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई राष्ट्रपति भवन पहुंचे। श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे भी पहुंचे।

5:46 pm पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ राष्ट्रपति भवन पहुंचे। मनमोहन सिंह के बगल में बैठे नवाज शरीफ। नेपाल के पीएम सुशील कोईराला भी पहुंचे। भूटान के राष्ट्रपति भी पहुंचे।

5:45 pm राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरूण जेटली और मोदी कैबिनेट के सभी सदस्य शपथग्रहण समारोह स्थल अपने स्थान पर बैठे।

5:38 pm पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी मोदी के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे।

5:35 pm आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर राष्ट्रपति भवन पहुंचे।


5:30 pm नरेंद्र मोदी की मां हीराबा घर में शपथग्रहण समारोह को टीवी पर देख रही हैं। तबीयत खराब होने की वजह से दिल्ली नहीं आ पाईं।

5:34 pmसोनिया गांधी और राहुल गांधी शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल और एपीजे अब्दुल कलाम भी पहुंचे।

5:20 pm लाल कृष्ण आडवाणी अपनी बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंचे।

5:15 pm एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार, आरएसएस के राम माधव, मुरली मनोहर जोशी, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और टीडीपी अध्यक्ष चंद्र बाबू नायडू समारोह में पहुंचे।

5:10 pm नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अतिथियों का पहुंचा शुरू हो गया है। रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी से साथ पहुंचे।

5:00 pm पाकिस्तान के राष्ट्रपति नवाज शरीफ शपथग्रहण समारोह में शामिल होने को होटल ताज मान सिंह से राष्ट्रपति भवन के लिए निकले।

4:50 pm रजनीकांत भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे।

4:45pm मोदी कैबिनेट में अपने राज्य को उचित प्रतिनिधित्व ना मिलने से नाराज राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने सांसदों से कहा, अभी कैबिनेट विस्तार का इंतजार करें- सूत्र

4:37 pm नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, शपथग्रहण समारोह में आने वालों का स्वागत है। भारत रत्न और स्वर कोकिला लता मंगेशकर स्वास्थ्य खराब होने की वजह से शपथग्रहण समारोह में नहीं आ रही हैं। लता ने पत्र लिखकर खराब सेहत के बारे में बताया। मोदी ने कहा, लता दीदी आपकी शुभकामनाएं हमें प्रेरित करती हैं। आपको बहुत-बहुत धन्यवाद। मोदी ने टीवी के दर्शकों और सोशल मीडिया को धन्यवाद दिया।



First Published: Monday, May 26, 2014, 16:46

comments powered by Disqus