`आप` पर बोले पीएम-जनता के फैसले का सम्मान हो

`आप` पर बोले पीएम-जनता के फैसले का सम्मान हो

नई दिल्ली : दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के जबर्दस्त प्रदर्शन पर चुप्पी तोड़ते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए लेकिन साथ ही कहा कि यह आकलन करना जल्दबाजी होगी कि आप के प्रयोग सफल होंगे या नहीं।

सिंह ने आप की सफलता पर एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत की जनता ने दिल्ली में आप में विश्वास व्यक्त किया। मेरा मानना है कि हमें लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय ही बताएगा कि ये अनुभव हमारी अर्थव्यवस्था एवं राजतंत्र की चुनौतियों से निपटने में सक्षम है या नहीं। अभी काफी कम वक्त बीता है एक सप्ताह से कम। उन्हें खुद को साबित करने के लिए समय और मौका देना चाहिए। अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने दिल्ली में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। आप के मुद्दे महंगाई और भ्रष्टाचार थे।

सिंह ने माना कि भ्रष्टाचार एक मुद्दा है और केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप भ्रष्टाचार को समाप्त करने को लेकर अपनी चिन्ताओं की वजह से सफल हुई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से निपटना आसान प्रक्रिया नहीं है। विभिन्न राजनीतिक दलों को भ्रष्टाचार के दानव से निपटने के लिए मिलकर काम करना होगा। महंगाई के बारे में सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पराजय के लिए यह एक कारक हो सकता है। सिंह ने हालांकि कहा कि उन्होंने यह बताने की कोशिश की है कि महंगाई ऐसी वजहों से हुई है जो हमारे नियंत्रण से बाहर हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने किसी दोस्त या परिजन को फायदा पहुंचाने के लिए अपने पद का इस्तेमाल नहीं किया। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 3, 2014, 15:41

comments powered by Disqus