पीएम ने सचिन तेंदुलकर को लिखा पत्र, बताया दूत

पीएम ने सचिन तेंदुलकर को लिखा पत्र, बताया दूत

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और जानेमाने वैज्ञानिक सी एन आर राव को पत्र लिखकर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के लिए चुने जाने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने तेंदुलकर को लिखे पत्र में उन्हें खेल जगत में सही मायने में भारत का दूत बताया।

सिंह ने कहा, ‘‘आपको यह सम्मान देकर देश ने जीवंत किदवंती को सम्मानित किया है जिसकी कई उपलब्धियों और क्रिकेट के मैदान पर असाधारण प्रदर्शन ने विश्व में लाखों लोगों को प्रेरित किया है। आप सही मायने में खेल जगत में भारत के दूत रहे हैं। हम आपको एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी और वैश्विक खेल प्रतीक के रूप में सलाम करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि तेंदुलकर देशवासियों को न केवल खेलों में बल्कि मानव प्रयास के अन्य क्षेत्रों में भी प्रेरित करते रहेंगे। सिंह ने राव को लिखे बधाई पत्र में युवा वैज्ञानिकों की प्रतिभा को ‘‘धर्यपूर्वक निखारने’’ करने के उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘‘आपको यह पुरस्कार देकर देश ने एक विख्यात वैज्ञानिक और ‘सॉलिड स्टेट एंड मैटेरियल्स केमेस्ट्री’ की एक जानीमानी अंतरराष्ट्रीय हस्ती का सम्मान किया है। हम न केवल वैज्ञानिक के रूप में आपके कार्य बल्कि युवा वैज्ञानिकों की प्रतिभा को धर्यपूर्वक निखारने तथा हमारे देश में वैज्ञानिक ढांचे को मजबूती प्रदान करने के लिए सलाम करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारत उम्मीद करता है कि भारतीय विज्ञान और वैज्ञानिकों को उनका मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा।

तेंदुलकर (40) और राव (79) दोनों देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण प्राप्तकर्ता भी हैं। तेंदुलकर और राव भारत रत्न प्राप्त करने वाली 41 प्रमुख हस्तियों में शामिल हो गए हैं। इस सम्मान की शुरुआत 1954 में हुई थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 17, 2013, 20:44

comments powered by Disqus