Last Updated: Thursday, November 21, 2013, 23:18

नई दिल्ली : थलसेना के पूर्व प्रमुख वीके सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा एक ‘साजिश’ के तहत संवेदनशील सूचनाएं लीक की गई थीं। सिंह ने सच्चाई सामने लाने के लिए जांच कराने की मांग भी की।
अपने पत्र में पूर्व थलसेनाध्यक्ष ने तकनीकी सुरक्षा प्रभाग (टेक्निकल सिक्यूरिटी डिवीजन) के बारे में संवेदनशील सूचना लीक और थलसेना में हथियारों और गोला-बारूद की कमी के बारे में प्रधानमंत्री को लिखे गए अपने पत्र की बात का जिक्र किया है। गौरतलब है कि सिंह द्वारा गठित की गयी खुफिया इकाई तकनीकी सुरक्षा प्रभाग काफी विवादों में रही है।
सिंह ने पत्र में लिखा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय, कैबिनेट सचिवालय, रक्षा मंत्रालय, थलसेना मुख्यालय एवं अन्य के कई पूर्व और मौजूदा अधिकारियों की साजिश और उकसावे पर उपरोक्त गंभीर अपराधों को अंजाम दिया गया। उन्होंने लिखा है कि उपरोक्त अपराधों को अंजाम देने के लिए वे सभी उकसावे और आपराधिक साजिश के दोषी हैं। एक विस्तृत जांच से सच्चाई सामने आएगी कि ये लोग कौन थे और ऐसी गतिविधियों में शामिल होने का मकसद क्या था जिससे भारत अस्थिर होता और उसके नागरिकों को नुकसान होता। पूर्व थलसेनाध्यक्ष ने संवेदनशील सूचना लीक करने वाले कुछ पत्रकारों के नाम भी अपने पत्र में लिखे हैं।
सिंह ने लिखा कि संबंधित अधिकारियों को उचित प्राथमिकी दर्ज करने, जांच शुरू करने और जहां जरूरत हो वहां अपराधियों को एहतियातन हिरासत में लेने के निर्देश देने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, November 21, 2013, 23:18