राहुल की ताजपोशी पर मंथन: प्रियंका गांधी ने संभाली कमान, कांग्रेस के आला नेताओं के साथ की बैठक

राहुल की ताजपोशी पर मंथन: प्रियंका गांधी ने संभाली कमान, कांग्रेस के आला नेताओं के साथ की बैठक

राहुल की ताजपोशी पर मंथन: प्रियंका गांधी ने संभाली कमान, कांग्रेस के आला नेताओं के साथ की बैठकज़ी मीडिया ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : लोकसभा चुनाव 2014 के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी के भीतर रणनीति को अंजाम दिया जाने लगा है और पार्टी की तैयारी तेज हो गई है। कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी की ताजपोशी और पार्टी संगठन में बदलाव को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पार्टी के आला नेताओं के साथ बैठक की। हालांकि, इस बैठक में राहुल गांधी शामिल नहीं थे।

जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी ने आज राहुल गांधी के घर पर कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बैठक की। यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। इस बैठक में अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी, मधुसूदन मिस्‍त्री, जयराम रमेश, मोहन गोपाल, माकन आदि नेता शामिल थे।

ऐसा लगता है कि प्रियंका भी अब राजनीति में सक्रिय हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने कांग्रेस के आला नेताओं के साथ बैठक में कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर चर्चा की। गौर हो कि 17 जनवरी को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की बैठक प्रस्‍तावित है और इस दिन बड़े फैसले से पहले पार्टी की यह अहम बैठक मानी जा रही है। वहीं, इससे पहले 16 जनवरी को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक भी होनी है।

सूत्रों के मुताबिक प्रियंका ने पार्टी का वरिष्ठ नेताओं के साथ 2014 के लोकसभा चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की। इसके अलावा, बैठक में 2014 के चुनाव की रणनीति के साथ राहुल गांधी के पीएम उम्मीदवार पद की घोषणा, नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी पर भी चर्चा हुई। गौर हो कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बीते दिनों यह घोषणा कर चुके हैं कि तीसरे कार्यकाल के लिए अब वे इच्‍छुक नहीं हैं और राहुल गांधी को इस पद के लिए सर्वाधिक उपयुक्‍त बताया।

प्रियंका अब तक सोनिया गांधी के चुनाव क्षेत्र रायबरेली या राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी में ही सक्रिय रही हैं। यह पहली बार है जब प्रियंका ने दिल्ली में कांग्रेस के उन बड़े नेताओं के साथ बैठक की जो पार्टी के थिंक टैंक माने जाते हैं।

उधर, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रायबरेली की पांचों विधानसभा सीटें गवां चुकी कांग्रेस ने अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के गढ़ को बचाने के लिए जी-तोड़ मेहनत शुरू कर दी है। मकसद सिर्फ एक है, कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ के साथ आस-पास के संसदीय क्षेत्रों से पार्टी के जनाधार को खिसकने से बचाना। कांग्रेस ने स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा को आगे कर संगठन को नए सिरे से खड़ा करना शुरू कर दिया है। संगठन को पुर्नगठित करने के साथ कुछ नए प्रयोग भी शुरू किए गए हैं।

First Published: Tuesday, January 7, 2014, 14:47

comments powered by Disqus