Last Updated: Monday, June 2, 2014, 21:56
ज़ी मीडिया ब्यूरो/बिमल कुमार नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी और उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा की सुरक्षा कम नहीं करने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्हें और उनके परिवार को हवाई अड्डों पर मिलने वाली जांच रियायत जारी रहेगी। सूत्रों के अनुसार, पहले जैसी सुरक्षा के साथ हवाई अड्डों पर सामान्य सुरक्षा जांच से जो छूट प्रियंका गांधी वाड्रा को मिली हुई है, वह जारी रहेगी।
प्रियंका गांधी द्वारा सुरक्षा जांच से परिवार को मिली छूट वापस लेने के लिए एसपीजी से कहे जाने के परिप्रेक्ष्य में गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजु ने सोमवार को कहा कि सुरक्षा किसी की मर्जी पर निर्भर नहीं करती। रिजिजु ने प्रियंका का नाम लिये बिना यहां संवाददाताओं से कहा कि किसी को भी सुरक्षा संबंधी मसलों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। उनसे प्रियंका द्वारा एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) प्रमुख को लिखे गये पत्र के बारे में सवाल किया गया था, जिसमें प्रियंका ने एसपीजी से उन्हें और उनके परिवार को हवाई अडडों पर सामान्य सुरक्षा जांच से मिली छूट वापस लेने के लिए कहा गया है। रिजिजु ने कहा कि बेहतर है कि इस बारे में फैसला सुरक्षा एजेंसियों पर छोड़ दिया जाए। किरण से प्रियंका के एसपीजी को भेजे पत्र के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह अच्छा कदम नहीं है। उन्हें वर्षों से सुरक्षा घेरा मिल रहा है, तो अब वे इस मुद्दे को क्यों उछाल रहे हैं। यह मसला किसी की मर्जी या सुविधा पर निर्भर नहीं होता है।
एसपीजी प्रमुख दुर्गा प्रसाद को भेजे पत्र में प्रियंका ने मीडिया खबरों का जिक्र किया, जिनमें कहा गया था कि हवाई अडडे पर सुरक्षा जांच से मिली छूट के मामले में उनके पति राबर्ट वाड्रा का नाम हटाया जा सकता है। प्रियंका ने कहा कि यदि ऐसा जल्द से जल्द हो तो अच्छा रहेगा। प्रियंका का कहना है कि वाड्रा का नाम इस सूची में पूर्व के एसपीजी प्रमुखों और दिल्ली पुलिस के कहने पर डाला गया। उनके या परिवार के किसी अन्य सदस्य ने ऐसा कोई आग्रह नहीं किया था।
गौर हो कि नागरिक उड्डन मंत्री अशोक गजपति राजू ने कार्यभार संभालने के तुरंत बाद कहा था कि सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा को हवाई अड्डों पर जांच में मिलने वाली रियायत पर पुनर्विचार किया जाएगा और गृह मंत्रालय इस पर फैसला लेगा। साथ ही कहा था कि सुरक्षा उद्देश्यपूर्ण होनी चाहिए, न कि सजावटी। इसके बाद प्रियंका ने एसपीजी को पत्र लिखकर अपने परिवार को मिली रियायत वापस लेने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि अगर सरकार मेरे पति का नाम सूची से हटाने पर विचार कर रही है, तो मुझे नहीं लगता कि मुझे और मेरे बच्चों को हवाई अड्डों पर छूट मिलना ठीक रहेगा। हम सभी के लिए बेहतर होगा कि हम एक साथ सामान्य जांच प्रक्रिया का पालन कर हवाई अड्डे में प्रवेश करें। इस लिस्ट में आखिरी नाम रॉबर्ट वाड्रा का है। हालांकि उनके नाम के सामने कोई पद नहीं लिखा होता। इस विशेष सुरक्षा को हटाने के संबंध में विचार-विमर्श चल रहा था लेकिन अब प्रियंका के साथ उन्हें भी यह छूट जारी रहेगी।
First Published: Monday, June 2, 2014, 21:56