Last Updated: Monday, October 14, 2013, 14:31

नई दिल्ली : कांग्रेस ने इन अटकलों को गलत बताया कि प्रियंका गांधी केवल अमेठी और रायबरेली में पार्टी का प्रचार करेंगी, पूरे देश में नहीं। पार्टी महासचिव अजय माकन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कुछ समाचार चैनलों की इन अटकलों की आलोचना की जिसमें कहा गया है कि प्रियंका गांधी केवल अमेठी और रायबरेली में ही कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करेंगी।
माकन ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में कल एक मंदिर में मची भगदड़ में 115 लोगों के मारे जाने की घटना से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस तरह का दुष्प्रचार फैला रही है।
उन्होंने कहा कि कल की त्रासदी में 100 से अधिक लोगों की जान गई है। सारा देश इस बात को देख रहा है कि मध्यप्रदेश सरकार ऐसे मौके के लिए उचित पुलिस व्यवस्था तक प्रदान नहीं करा पाई। यह (प्रियंका संबंधी खबर) प्रयास मध्यप्रदेश सरकार की इस विफलता से जनता का ध्यान बंटाने के लिए किया गया है।
माकन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन सभी लोगों और समाचार चैनलों की निंदा करती है जो ऐसा कर रहे हैं। प्रियंका गांधी के भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के विरूद्ध प्रचार करने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के अन्य नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि कांग्रेस में हर किसी को संप्रग-2 सरकार की सकारात्मक बातों को जनता तक पंहुचाने का कार्य सुनिश्चित करना चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 14, 2013, 13:38