Last Updated: Monday, February 24, 2014, 20:56
गन्नौर (हरियाणा) : राहुल गांधी ने आज भाजपा और नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि वे अपनी बांटने की राजनीति के तहत ‘बाहरी लोगों’ को प्रवासी बता रहे हैं तथा कांग्रेस द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों का श्रेय ले रहे हैं। दिल्ली से करीब 70 किलोमीटर दूर हरियाणा के सोनीपत जिले में कांग्रेस के लोकसभा चुनाव घोषणा पत्र के लिए मुद्दे जुटाने को लेकर किसानों से बात करते हुए राहुल ने यह बात कही। राहुल ने कहा कि भाजपा देश चलाने के लिए एक व्यक्ति में शक्तियां निहित करने में यकीन रखती है जबकि कांग्रेस लोगों को शक्ति सौंपने के पक्ष में है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘‘भाजपा शक्तियों को एक जगह निहित करने में यकीन रखती है। उन्हें लगता है कि एक या दो लोग देश चला सकते हैं..उन्हें लगता है कि पूरा ज्ञान सिर्फ एक आदमी के पास है जो सब कुछ कर सकता है। कांग्रेस में हम लोगों को शक्तियां देने में यकीन रखते हैं।’’
राहुल ने प्रवासियों और खासतौर पर कच्छ में सिख किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा अलग अलग सोचती है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए हर कोई स्थानीय है। यहां तक कि अमेरिका में रहने वाला भारतीय भी एक स्थानीय है। उनके (भाजपा के) लिए महाराष्ट्र में एक यूपी वाला बाहरी है, गुजरात में एक सिख बाहरी है, पंजाब में हरियाणा का कोई व्यक्ति बाहरी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत में आप कहीं भी जा सकते हैं, हमारे लिए (सभी नागरिक) आप एक स्थानीय व्यक्ति हैं..वे जहां कहीं जाते हैं, किसी को स्थानीय बताते हैं तो किसी को बाहरी बताते हैं। यह उनकी राजनीति है। यह उनमें और हमारे बीच अंतर है।’’ गुजरात के कच्छ क्षेत्र में सिख किसानों के भूमि अधिकारों पर रोक लगाने वाले प्रशासन के फैसले का वह हवाला दे रहे थे।
राहुल ने कहा कि गुजरात से सिख किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी के लोगों से मुलाकात की। वे हमसे पूछ रहे थे कि क्या हम भारतीय हैं या बाहरी हैं। हम पाकिस्तान से आएं, जमीन तैयार की और आज हमसे कहा जा रहा है कि आप बाहरी हैं। हालांकि मोदी ने पंजाब के जगरांव में कल एक रैली को संबोधित करते हुए कच्छ क्षेत्र में बसे सिख किसानों को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की थी कि उनमें से किसी को अपनी खेती बारी नहीं छोड़नी पड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बारे में एक ‘गलतफहमी अभियान’ चलाया जा रहा है कि भाजपा सरकार सिख किसानों को हटाने की कोशिश कर रही है जो दशकों से वहां खेती कर रहे हैं।
राहुल ने आज कहा कि कंप्यूटरीकरण पर जोर देने को लेकर उनके पिता दिवंगत राजीव गांधी को ‘कंप्यूटर बॉय’ कहा गया।
सफेद कुर्ता पायजामा पहले राहुल ने कहा, ‘‘अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी जैसे शीर्ष नेताओं ने मजाक उड़ाते हुए सवाल किया कि कंप्यूटर भारत को कैसे मदद करेगा। उनकी (राजीव गांधी) हत्या के 15 साल बाद वाजपेयी और प्रमोद महाजन ने कहा कि उन्होंने हमेशा ही कंप्यूटरीकरण के बारे में बात की है।’’ गुजरात में लौहपुरूष (पटेल) की एक विशालकाय प्रतिमा बनाने के मोदी के फैसले को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अब उन्होंने पटेल (वल्लभ भाई) का सहारा लिया है। राहुल ने कहा कि कुछ साल बाद वह (भाजपा) खाद्य सुरक्षा विधेयक, मनरेगा और अन्य योजनाओं पर दावा करेगी, कांग्रेस ने श्वेत क्रांति की, जबकि गुजरात में भाजपा कहती है कि उसने ऐसा किया।
उन्होंने मुट्ठीभर लोगों द्वारा चुनाव के टिकटों पर फैसला किए जाने के काम पर भी सवाल उठाया और कहा कि इस प्रक्रिया में आज करीब 500 लोग शामिल हैं। ‘‘मैं चाहता हूं कि 10,000 लोग और यहां तक कि इससे अधिक लोग टिकटों के बारे में फैसला करें..यदि सांसद काम करने में नाकाम रहते हैं तो उनपर दबाव पड़ना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच भाजपा की सोच से पूरी तरह से उलट है।
राहुल ने कहा, ‘‘भारत के लोगों को शक्ति दी जानी चाहिए। हमारी सोच और उनकी (भाजपा) सोच में बहुत बड़ा अंतर है। उनका मानना है कि शक्ति केंद्रीकृत होनी चाहिए। हमारा मानना है कि भारत विविध लोगों वाला एक बड़ा देश है जहां हर किसी को उसकी वाजिब जगह मिलनी चाहिए ताकि उसे आगे बढ़ने में मदद मिल सके।’’ उन्होंने कंप्यूटरीकरण पर राजीव द्वारा जोर दिए जाने के वक्त मचाई गई हायतौबा का हवाला देते हुए कहा, ‘‘आपकी जेब में जो मोबाइल फोन है, यह उनके :राजीव के: काम से संभव हुआ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वाजपेयी जी ने भी कंप्यूटरीकरण का श्रेय लिया।’’ (एजेंसी)
First Published: Monday, February 24, 2014, 20:56