Last Updated: Saturday, February 15, 2014, 18:55

बेलगाम : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर शनिवार को तीखा हमला बोलते हुए मुख्य विपक्षी दल पर आरोप लगाया कि वह अपने शासन वाले राज्यों में भ्रष्टाचार को नजरंदाज कर रही है और संसद में भ्रष्टाचार निरोधक छह विधेयकों को पारित नहीं होने दे रही है।
गांधी ने संप्रग सरकार के खिलाफ भाजपा के भ्रष्टाचार निरोधक अभियान पर निशाना साधते हुए कहा, ‘उनके नेता (मोदी) पूरे देश का दौरा कर रहे हैं और भ्रष्टाचार उन्मूलन की बात कर रहे हैं।’ उन्होंने यहां भारत निर्माण रैली में कहा, ‘लेकिन क्या वह (मोदी) कर्नाटक में अपने नेताओं को देखते हैं जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। वह यह नहीं देखते कि उनकी पार्टी के तत्कालीन मुख्यमंत्री (बी एस येदियुरप्पा) को भ्रष्टाचार को लेकर जेल हुई थी। वह यह भी नहीं देखते कि उनके 16 मंत्रियों (कर्नाटक में) को (भ्रष्टाचार के मुद्दे पर) त्यागपत्र देना पड़ा था।’
गांधी ने कहा, ‘उन्हें (मोदी) छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में भ्रष्टाचार नहीं दिखता।’ उन्होंने येदियुरप्पा की कर्नाटक जनता पक्ष के हाल में भाजपा में विलय के साथ उनकी पार्टी में वापसी का उल्लेख करते हुए कहा, ‘कर्नाटक में आप लोगों ने भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के चलते सत्ता से हटाया। उसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री फिर से भाजपा में लौट आये हैं लेकिन उनके नेता इसे नजरंदाज करते हैं।’ गांधी ने कहा कि भाजपा नेताओं को भ्रष्टाचार केवल कांग्रेस शासित राज्यों में ही दिखता है। उन्होंने कहा, ‘उन्हें यह कहीं और नहीं दिखता।’
उन्होंने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘गुजरात में भ्रष्टाचार होता है, तो वे उसे नजरंदाज करते हैं। जहां भी उनकी सरकारें नहीं हैं, उन्हें भ्रष्टाचार होता दिखायी देता है।’ गांधी ने भ्रष्टाचार निरोधक छह विधेयकों को संसद में पारित नहीं होने देने को लेकर भाजपा पर हमला बोला जो कि सरकार के भ्रष्टाचार निरोधक ढांचे का हिस्सा जिन्हें पारित कराने के लिए जोर डाल रहे हैं।
उन्होंने यहां एक जनसभा में कहा, ‘उन विधेयकों के खिलाफ कौन खड़ा है? हम उन्हें पारित कराना चाहते हैं। हमें संसद में रोका जा रहा है। उसे कौन रोक रहा है? इसे भाजपा रोक रही है। वे संसद नहीं चलने दे रहे।’ गांधी ने कहा, ‘संसद में आज भ्रष्टाचार निरोधक छह विधेयक लंबित हैं। ये विधेयक आपकी मदद के लिए हैं। विधेयक आपको शक्ति देंगे।’
भ्रष्टाचार से मुकाबले के लिए एक ढांचा बनाने पर जोर देते हुए गांधी ने हाल में विपक्षी दलों से चल रहे संसद सत्र में छह विधेयक पारित कराने के लिए समर्थन देने की अपील की थी। तेलंगाना और अन्य मुद्दों को लेकर संसद की कार्यवाही ठीक ढंग से नहीं चल पा रही है। जिन छह विधेयकों के मसौदे पर गांधी जोर दे रहे हैं उनमें न्यायिक मानक और जवाबदेही विधेयक, 2010, भंडाफोड़ करने वालों का संरक्षण विधेयक, 2011, समान और सेवाएं समयबद्ध ढंग से प्राप्त करने और शिकायत निवारण विधेयक, 2011, विदेशी सरकारी और अंतरराष्ट्रीय लोक संगठन अधिकारी रिश्वतखोरी रोकथाम विधेयक, 2011, भ्रष्टाचार रोकथाम संशोधन: विधेयक, 2013 और सार्वजनिक खरीद विधेयक 2012 शामिल हैं।
उन्होंने अपना भाषण भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचार पर केंद्रित रखा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ‘कर्नाटक सरकार नहीं बल्कि बेल्लारी सरकार थी।’ गांधी अप्रत्यक्ष तौर पर खनन समृद्ध बेल्लारी जिले के रेड्डी बंधुओं :जनार्दन और करूणाकर: जिन पर तत्कालीन भाजपा सरकार को अपनी गिरफ्त में रखने का आरोप लगाया गया था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 15, 2014, 18:55