कर्नाटक में राहुल ने महिला सशक्तिकरण का किया वादा

कर्नाटक में राहुल ने महिला सशक्तिकरण का किया वादा

कर्नाटक में राहुल ने महिला सशक्तिकरण का किया वादा तुमकुर (कर्नाटक) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने महिला मतदाताओं को लुभाते हुए महिला सशक्तिकरण का वादा किया और कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में ज्यादा महिलाओं को आगे लाने की है।

उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर प्रत्यक्षत: हमला करते हुए कहा कि विपक्ष महिलाओं का सम्मान नहीं करता और उनके विचारधारात्मक संगठन’ में महिलाओं के लिए जगह नहीं है।

राहुल ने यहां महिलाओं की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘जब तक हम महिलाओं को सशक्त नहीं करेंगे भारत महाशक्ति नहीं बन सकता। जहां-जहां महलाओं को सशक्त किया गया और उन्हें अवसर दिए गए, वे देश तेजी से आगे बढ़े।’ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने महिला सशक्तीकरण की पुरजोर वकालत करते हुए कहा, ‘हम महिलाओं को सियासत में बराबरी देना चाहते हैं..पंचायतों में, विधानसभाओं में, संसद में ज्यादा महिलाएं दिखनी चाहिए।’

राहुल ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा, ‘हम इस देश की प्रगति में आपकी शक्ति का उपयोग करना चाहते हैं। हम महिलाओं के लिए स्कूलों, अस्पतालों और संसद का दरवाजा खोलना चाहते हैं क्योंकि आपके बगैर कोई प्रगति नहीं है।’ राहुल ने कहा कि उनकी तमन्ना है कि ऐसे दिन आएं जब महिलाएं बिना किसी डर-भय के शाम में, रात में निकल सकें, बसों में सफर कर सकें। ‘मैं चाहता हूं कि सुरक्षा आजादी और बिना किसी भय के उनका प्रतिनिधित्व सभी क्षेत्रों में हो।’

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भाजपा और आरएसएस की तरफ प्रत्यक्षत: इशारा करते हुए कहा, ‘उनके वैचारिक संगठन में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है। आप जानती हैं कि उनके नेता क्या कहते हैं और क्या करते हैं। मुझे विस्तार में जाने की जरूरत नहीं है।’ राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने कांग्रेस शासित कर्नाटक से सीख ले कर वहां महिलाओं की स्व सहायता समूह योजना लागू की है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 16, 2014, 18:36

comments powered by Disqus