राजनाथ सिंह ने कार्यभार संभालने से पहले ही शुरू किया काम

राजनाथ सिंह ने कार्यभार संभालने से पहले ही शुरू किया काम

राजनाथ सिंह ने कार्यभार संभालने से पहले ही शुरू किया काम ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

नई दिल्ली : भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह गृह मंत्रालय का कार्यभार संभवत: गुरुवार को संभालेंगे। प्रभार संभालने से पहले ही नए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना काम शुरू कर दिया और गृह सचिव अनिल गोस्वामी को निर्देश दिया कि देश की आंतरिक सुरक्षा स्थिति एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विवरण तैयार करें।

सिंह गुरुवार को को मंत्रालय का प्रभार संभाल सकते हैं। गृह सचिव ने उन्हें मंत्रालय से संबंधित विभिन्न मुद्दों के बारे में बताया। करीब आधे घंटे चली बैठक के बाद सिंह ने ट्वीट किया कि गृह मंत्रालय से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर गृह सचिव ने मुझे जानकारी दी। मैंने उनसे विवरण तैयार करने को कहा है। लखनऊ लोकसभा सीट से निर्वाचित 62 वर्षीय सिंह ने सुशील कुमार शिंदे की जगह इस महत्वपूर्ण मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे। गृह मंत्रालय देश की आंतरिक सुरक्षा और पाकिस्तान, चीन, बांग्लादेश, नेपाल एवं भूटान के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा करता है।

शिक्षक से नेता बने राजनाथ को जिन त्वरित मु्द्दों को देखना होगा उनमें नक्सली हिंसा, आतंकवादी संगठनों की गतिविधियों, पाकिस्तान से घुसपैठ, बांग्लादेश से अवैध आव्रजन और खुफिया सूचना को मजबूत करना शामिल है। गृह मंत्री के तौर पर राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सुरक्षा पर कैबिनेट समिति का हिस्सा होंगे। सुरक्षा मामलों पर निर्णय करने वाली यह देश का सबसे बड़ा निकाय है।

लंबे राजनीतिक कैरियर के दौरान राजनाथ ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य किये और उनके पास अच्छा खासा अनुभव है। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में परिवहन एवं कृषि मंत्री थे। वाजपेयी के सपनों की परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्यक्रम को राजनाथ ने ही शुरू किया था। वह उत्तर प्रदेश की कल्याण सिंह सरकार में शिक्षा मंत्री भी थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Wednesday, May 28, 2014, 10:08

comments powered by Disqus