गृह मंत्रालय का कार्यभार कल संभालेंगे राजनाथ

गृह मंत्रालय का कार्यभार कल संभालेंगे राजनाथ

नई दिल्ली : भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह गृह मंत्रालय का कार्यभार संभवत: बुधवार को संभालेंगे। लखनऊ लोकसभा सीट से चुनकर आये 62 वर्षीय राजनाथ सिंह महत्वपूर्ण गृह मंत्रालय में सुशील कुमार शिन्दे का स्थान लेंगे। मंत्रालय देश की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा संभालता है तथा इसके तहत पाकिस्तान, भूटान, नेपाल, बांग्लादेश और चीन से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा का लक्ष्य होता है।

शिक्षक से नेता बने राजनाथ के समक्ष तात्कालिक मुददों में नक्सल हिंसा, देश में आतंकवादी संगठनों की गतिविधियां, पाकिस्तान से घुसपैठ, बांग्लादेश से अवैध आव्रजन और खुफिया जानकारी एकत्र करने के तंत्र को मजबूत करना होगा।

गृह मंत्री के रूप में राजनाथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति का हिस्सा होंगे। सुरक्षा मसलों पर ये समिति निर्णय लेने वाली शीर्ष इकाई है। लंबे राजनीतिक कैरियर के दौरान राजनाथ ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य किये और उनके पास अच्छा खासा अनुभव है। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में परिवहन एवं कृषि मंत्री थे।

वाजपेयी के सपनों की परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग विकास कार्यक्रम को राजनाथ ने ही शुरू किया था। वह उत्तर प्रदेश की कल्याण सिंह सरकार में शिक्षा मंत्री भी थे। कैरियर के शुरुआती दौर में गोरखपुर के एक कालेज में भौतिकी के शिक्षक रहे राजनाथ सिंह ने केन्द्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में एक सक्षम प्रशासक का गौरव हासिल किया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, May 27, 2014, 14:36

comments powered by Disqus