Last Updated: Friday, February 7, 2014, 10:45

नई दिल्ली : आंध्र प्रदेश, असम, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को राज्यसभा के चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने इन चुनावों में धन का दुरुपयोग सहित चुनावी कदाचार पर रोक लगाने के लिए विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।
गौर हो कि आंध्र प्रदेश, असम, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की 18 सीटों के लिए आज चुनाव होंगे। आयोग ने इन राज्यों में से प्रत्येक के लिए एक विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अपने राज्यों के पर्यवेक्षक होंगे, अभी नियुक्त होने वाले विशेष पर्यवेक्षक अन्य राज्यों में मुख्य निर्वाचन अधिकारी होंगे। विशेष पर्यवेक्षक धनबल की भूमिका सहित चुनावी कदाचारों पर बारीक नजर रखेंगे। आयोग ने कहा कि विशिष्ट शिकायतें मिलने की स्थिति में उस पर तत्काल गौर किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यवेक्षक राज्य के द्विवाषिर्क चुनाव 2014 संबंधी समाचार और मीडिया की खबरों पर भी लगातार नजर रखेंगे तथा इससे आयोग को अवगत कराएंगे।
आयोग ने साथ ही संबंधित राज्यों के निदेशक जांच (आयकर विभाग) को भी निर्देश दिया कि है कि वे धनराशि की भूमिका और अन्य प्रभावों पर सतर्क निगाह रखें।
उधर, आंध्र प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में बागी के तौर पर उतरे कांग्रेस के विधायक अदाला प्रभाकर रेड्डी ने अपनी ‘उम्मीदवारी’ वापस लेने की घोषणा की जिसके साथ ही आधिकारिक उम्मीदवारों के आसान निर्वाचन का रास्ता प्रशस्त हो गया। अब छह उम्मीदवार संसद के उपरी सदन के लिए छह सीटों के लिए चुनाव मैदान में हैं।
रेड्डी ने ‘सम्यक आंध्र’ (एकीकृत आंध्रप्रदेश) के मुद्दे पर चुनाव लड़ने का निर्णय किया था। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह चुनाव से हट रहे हैं क्योंकि उनकी हार से यह संकेत जाएगा कि आंध्र प्रदेश को एक रखने की गति खत्म होती जा रही है।
First Published: Friday, February 7, 2014, 10:00