पाक की गोलीबारी से ग्रामीण गांवों से भागने को मजबूर

पाक की गोलीबारी से ग्रामीण गांवों से भागने को मजबूर

साम्बा सीमा (जम्मू कश्मीर) : पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा नागरिक क्षेत्रों में गोला दागने और गोलाबारी करने के मद्देनजर भारत-पाक सीमा पर गांव में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भागने को मजबूर होना पड़ रहा है।

सीमावर्ती क्षेत्र के गांव सुचेतगढ़ कुलियां के निवासी ओम प्रकाश ने कहा, ‘‘हमने महिलाओं, बच्चों और बुजूर्ग लोगों को रात के समय मोर्टार बमों से हमला और गोलाबारी के मद्देनजर ट्रैक्टर ट्राली से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है।’’

पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार और शनिवार को लगातार स्वचालित एवं छोटे हथियारों से जम्मू के अग्रिम नागरिक इलाकों और 14 चौकियों पर मोर्टार गोले दागे और गोलीबारी की।

पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी से जम्मू, साम्बा और कठुआ जिलों के अग्रिम क्षेत्र बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं इसमें साम्बा जिले में 190 किलोमीटर लम्बी अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ लगा सुचेतगढ़ कुलियां, नजवाल और निकोवाल क्षेत्र शामिल है।

कुलियां में शनिवार को घुसपैठ की कोशिशों को विफल कर दिया और इस दौरान हुए संघर्ष में एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया। प्रकाश ने कहा कि सुचेतगढ़ कुलियां सीमावर्ती क्षेत्र के करीब 52 परिवारों की महिलाओं, बच्चों और बुजूर्गो को घर छोड़कर भागना पड़ा और रात करीब 10 बजे राखम्भ तली क्षेत्र में सामुदायिक केंद्र में शरण लेनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि हालांकि परिवार के पुरुष सदस्य पालतू पशुओं और घर की देखभाल के लिए वापस लौट आए हैं। जम्मू के परगवाल क्षेत्र के नजवाल गांव के 17 परिवारों की महिलाओं और बच्चों के भी पलायन करने की खबर है। यहां पाकिस्तानी गोलीबारी में तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए थे।

बहरहाल, मंडल आयुक्त शांत मनु ने पलायन की खबरों को खारिज कर दिया है। मनु ने प्रेट्र से कहा, ‘‘सीमा पर गोलीबारी के कारण लोग भयभीत हुए हैं। इसके कारण वे महिलाओं, बच्चों को साम्बा में स्थित सामुदायिक केंद्रों में सुरक्षित स्थानों पर भेज रहे हैं। पलायन जैसी कोई बात नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि गोलीबारी नहीं होने के कारण दोपहर बाद लोग सामुदायिक केंद्र से वापस हो रहे हैं। मनु ने कहा कि हालांकि संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटनाओं में वृद्धि के मद्देनर आपात योजना तैयार की गई है और लोगों के लिए सभी सामुदायिक केंद्रों और अन्य सरकारी इमारतों को तैयार रखा गया है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 20, 2013, 20:47

comments powered by Disqus