साबिर अली भाजपा से आउट, नकवी के खिलाफ करेंगे मानहानि का मुकदमा

साबिर अली भाजपा से आउट, नकवी के खिलाफ करेंगे मानहानि का मुकदमा

साबिर अली भाजपा से आउट, नकवी के खिलाफ करेंगे मानहानि का मुकदमाज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : भाजपा द्वारा 24 घंटे के अंदर साबिर अली की सदस्यता रद्द किये जाने के बाद, जदयू के इस विवादित नेता ने आज कहा कि वह भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। अली ने नकवी को बहस के लिए भी चुनौती दी। अली ने दावा किया कि उन्हें नकवी से ज्यादा जनसमर्थन हासिल है। वह देश के किसी भी गांव, यहां तक कि नकवी के गांव में भी यह साबित करने के लिए जाने को तैयार हैं कि नकवी की तुलना में ज्यादा मुस्लिम या आम जनता उनके साथ खड़े हैं।

मालूम हो कि नकवी ने शुक्रवार को साबिर अली पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘आतंकवादी यासीन भटकल का दोस्त’ बताया था और पार्टी में उनके शामिल होने का विरोध किया था। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेता भी साबिर अली के भाजपा में शामिल होने के लेकर सवाल उठा थे।

इससे पहले भाजपा ने जनता दल (युनाइटेड) से निष्कासित साबिर अली को पार्टी में शामिल करने के अगले ही दिन बाहर का रास्ता दिखा दिया। साबिर को शामिल किए जाने के बाद पार्टी के अंदर पनपे विरोध के बीच भाजपा ने नवागत सदस्य की सदस्यता रद्द कर दी। सोशल मीडिया पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि इंडियन मुजाहिदीन के सह-संस्थापक यासीन भटकल को साबिर अली के घर से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस या गृह मंत्रालय ने हालांकि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Saturday, March 29, 2014, 21:35

comments powered by Disqus