Last Updated: Tuesday, February 4, 2014, 09:37
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और मशहूर वैज्ञानिक प्रोफेसर सीएनआर राव को मंगलवार को यहां एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा जाएगा। पिछले साल 16 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मास्टर बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर इस सम्मान से नवाजे जाने वाले पहले खिलाड़ी होंगे। उन्हें यहां राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में होने वाले कार्यक्रम में यह सम्मान दिया जाएगा।
तेंदुलकर (40) और राव (79) को देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण भी मिल चुका है। इस तरह वे भारत रत्न से सम्मानित 41 व्यक्तियों की सूची में शामिल हो जाएंगे, जिन्हें 1954 से शुरू हुए इस सम्मान से नवाजा गया है। 24 साल के रिकाडरें से भरे करियर में पूर्व भारतीय कप्तान तेंदुलकर को मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके 200वें विदाई मैच के बाद इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिये चुना गया।
एक अधिकारिक बयान के अनुसार तेंदुलकर विश्व खेलों में देश के सच्चे एम्बेसडर हैं और क्रिकेट में उनकी उपलब्धियां अद्भुत हैं, उनके द्वारा हासिल किये रिकार्ड की बराबरी नहीं की जा सकती है और उनकी खेल भावना शानदार है। इसके अनुसार, उन्हें इतने सारे पुरस्कारों से सम्मानित किया जाना खिलाड़ी के तौर पर उनकी अद्भुत प्रतिभा का साक्ष्य है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Tuesday, February 4, 2014, 09:37