समाजवादी पार्टी राज्यों के विभाजन के खिलाफ: मुलायम

समाजवादी पार्टी राज्यों के विभाजन के खिलाफ: मुलायम

नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आज कहा कि उनकी पार्टी राज्यों के विभाजन के खिलाफ है क्योंकि छोटी प्रशासनिक इकाइयां समस्याओं से ग्रस्त हैं और सफल नहीं हैं। मुलायम ने यहां संवाददाताओं से कहा, हम बड़े राज्यों को विभाजित कर छोटे राज्यों के गठन के खिलाफ हैं। इस तरह की प्रशासनिक इकाइयां संसाधनों की कमी के कारण समस्याओं से ग्रस्त हैं। नक्सलवाद एक प्रमुख समस्या है जो छोटे राज्यों में व्याप्त है। तीन अक्तूबर को केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा तेलंगाना के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दिये जाने के बाद नये राज्य पर मुलायम सिंह यादव की यह संभवत: पहली प्रतिक्रिया है। उनकी यह टिप्पणी तब आयी है जब राष्ट्रीय लोकदल के नेता और केन्द्रीय मंत्री अजित सिंह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को मिलाकर एक पृथक हरित प्रदेश गठित करने की मांग की है।

समझा जाता है कि सिंह ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल की हाल की उस बैठक में हरित प्रदेश के गठन की वकालत की थी जिसमें तेलंगाना के गठन को मंजूरी दी गई थी। बसपा और राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश को छोटे राज्यों में विभाजित करने का समर्थन कर रहे हैं जबकि समाजवादी पार्टी इस तरह के प्रस्तावों की विरोधी है। नवम्बर 2011 में तत्कालीन मायावती सरकार ने विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित कर राज्य को चार हिस्सों में विभाजित कर बुंदेलखंड, अवध प्रदेश, पूवा’चल और पश्चिम प्रदेश बनाने का समर्थन किया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह तदेपा प्रमुख चन्द्रबाबू नायडू से बात करेंगे जो कांग्रेस का ‘पर्दा फाश’ करने के लिए अनशन पर बैठ रहे है, मुलायम ने कहा कि वह इस मुद्दे पर बाद में बात करेंगे । चारा घोटाले में राजद प्रमुख लालू यादव को हुई सजा के बारे में पूछे गये सवाल को भी उन्होंने टाल दिया और कहा इस बारे में वह बाद में बात करेंगे।

मुजफ्फरनगर में सांप्रदायिक हिंसा के बारे में पूछे गये ढेर सारे सवालों के जवाब में सपा नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर बहुत कुछ कहा और लिखा जा चुका है। उन्होंने कहा, वहां जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुद्दे को बार बार नहीं उठाया जाना चाहिए। भाजपा के इस आरोप कि कथित रूप से हिंसा भड़काने के लिए सिर्फ भाजपा के सांसदों और विधायकों को गिरफ्तार किया जा रहा है सपा नेता ने कहा कि दोषियों से निपटने में कोई भेदभाव नहीं होगा। जो भी दोषी होगा उसे सजा मिलेगी।

इस बीच कर्नाटक के पूर्व भाजपा नेता बाबा गौड़ा पाटिल आज समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। पार्टी ने उन्हें सपा की कर्नाटक राज्य इकाई का प्रमुख बनाया है। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा पश्चिम बंगाल कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी और चुनावों के बाद महत्वपूर्ण फैक्टर के रूप में उभरेगी। यादव ने कहा, वास्तव में हम मध्य प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। पश्चिम बंगाल में हम शक्तिशाली ताकत के रूप में उभरेंगे। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 7, 2013, 15:28

comments powered by Disqus