Last Updated: Tuesday, January 28, 2014, 14:19
नई दिल्ली : कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को हरियाणा से राज्यसभा के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। इससे इन अटकलों पर विराम लग गया कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हरियाणा से राज्यसभा भेजा जा सकता है। कांग्रेस ने सुल्तानपुर से पार्टी के लोकसभा सदस्य संजय सिंह को असम से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है और असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर कलिता को राज्य से पुन: राज्यसभा में भेजने का निर्णय किया।
शीला दीक्षित की हरियाणा से राज्यसभा सीट के संभावित उम्मीदवार के रूप में चर्चायें चल रही थी जहां से कई स्थानीय नेता भी दावेदार थे। शीला दीक्षित का नाम पहले हिमाचल प्रदेश से भी राज्यसभा के लिए लिया जा रहा था लेकिन पार्टी ने वहां से विप्लब ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। संजय सिंह अमेठी के रहने वाले हैं और वहां उनका अच्छा प्रभाव है। अमेठी से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा सदस्य हैं जबकि उनकी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पास के रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। पहले ऐसी अटकलें थी कि संजय सिंह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 28, 2014, 14:19