सुरक्षा किसी की मर्जी पर नहीं निर्भर : रिजिजु

सुरक्षा किसी की मर्जी पर नहीं निर्भर : रिजिजु

नई दिल्ली : प्रियंका गांधी द्वारा सुरक्षा जांच से परिवार को मिली छूट वापस लेने के लिए एसपीजी से कहे जाने के परिप्रेक्ष्य में गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजु ने आज कहा कि सुरक्षा किसी की मर्जी पर निर्भर नहीं करती। रिजिजु ने प्रियंका का नाम लिए बिना यहां संवाददाताओं से कहा कि किसी को भी सुरक्षा संबंधी मसलों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।

उनसे प्रियंका द्वारा एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) प्रमुख को लिखे गये पत्र के बारे में सवाल किया गया था, जिसमें प्रियंका ने एसपीजी से उन्हें और उनके परिवार को हवाई अडडों पर सामान्य सुरक्षा जांच से मिली छूट वापस लेने के लिए कहा गया है। रिजिजु ने कहा कि बेहतर है कि इस बारे में फैसला सुरक्षा एजेंसियों पर छोड़ दिया जाए।

एसपीजी प्रमुख दुर्गा प्रसाद को भेजे पत्र में प्रियंका ने मीडिया खबरों का जिक्र किया, जिनमें कहा गया था कि हवाई अडडे पर सुरक्षा जांच से मिली छूट के मामले में उनके पति राबर्ट वाड्रा का नाम हटाया जा सकता है। प्रियंका ने कहा कि यदि ऐसा जल्द से जल्द हो तो अच्छा रहेगा।

प्रियंका का कहना है कि वाड्रा का नाम इस सूची में पूर्व के एसपीजी प्रमुखों और दिल्ली पुलिस के कहने पर डाला गया। उनके या परिवार के किसी अन्य सदस्य ने ऐसा कोई आग्रह नहीं किया था।
(एजेंसी)


First Published: Monday, June 2, 2014, 15:35

comments powered by Disqus