Last Updated: Wednesday, October 9, 2013, 18:41

नई दिल्ली : केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने बुधवार को आंध्र प्रदेश सरकार और चंद्रबाबू नायडु के बीच चल रहे विवाद में दखल देने से इनकार कर दिया। दरअसल तेलुगु देसम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू राजधानी के आंध्र भवन परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे हैं और राज्य सरकार उस भवन को खाली करवाना चाहती है और उसने इस काम में गृह मंत्रालय की मदद मांगी थी।
शिंदे ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि हमें इस मामले से कुछ लेना देना नहीं है। ये उनका मामला है। हमें क्या करना है। शिंदे आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में गृह मंत्रालय से मांगी गई मदद के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। आंध्र प्रदेश सरकार ने केन्द्रीय गृह मंत्रालय से आंध्र भवन का परिसर खाली करवाने में मदद मांगी थी, जहां तेलुगु देसम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ‘अनधिकृत’ अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं।
आंध्र प्रदेश के रेजिडेंट कमिश्नर शशांक गोयल ने एक पत्र में केन्द्रीय गृह सचिव अनिल गोस्वामी से कहा है कि वह दिल्ली पुलिस से कहें कि वह आंध्र प्रदेश भवन परिसर में ‘अनधिकृत’ धरना हटवाने और लोगों को भीड़ लगाने से रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करे। दिल्ली पुलिस सीधे केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है।
पत्र में कहा गया है कि धरना दिल्ली विधानसभा चुनाव के सिलसिले में राजधानी में लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 9, 2013, 18:41