सीसराम ओला को श्रद्धांजलि, संसद की कार्यवाही स्थगित

सीसराम ओला को श्रद्धांजलि, संसद की कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री सीसराम ओला को श्रद्धांजलि देने के बाद लोकसभा की बैठक आज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। 86 वर्षीय ओला का लंबी बीमारी के बाद कल गुड़गांव के एक अस्पताल में निधन हो गया था।

लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन को ओला के निधन की जानकारी देते हुए कहा कि वह लोकसभा के लिए 5 बार और राजस्थान विधानसभा के सदस्य के तौर पर 8 बार निर्वाचित हुए। वर्तमान लोकसभा में राजस्थान के झुंझुनू निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे ओला वर्ष 1957 से 1990 तक राजस्थान विधानसभा के सदस्य रहे और 1980 से 1990 तक राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे।

ओला ने 1996 से 1997 तक केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 1997 से 1998 तक केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का दायित्व संभाला तथा केन्द्र सरकार में श्रम एवं रोजगार मंत्री रहे।

वर्ष 1968 में पद्म श्री से सम्मानित ओला ने ग्रामीण राजस्थान के दूरस्थ इलाकों में लड़कियों की शिक्षा और सामाजिक कार्यो में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मीरा ने सदन को पूर्व सदस्य सोमराज रथ के निधन की भी जानकारी दी। रथ ने 8वीं लोकसभा में ओडिशा की अस्का सीट का प्रतिनिधित्व किया था और 3 बार राज्य विधानसभा के भी सदस्य रहे। उनका निधन 7 अक्तूबर 2013 को हुआ था। सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद अध्यक्ष ने लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 16, 2013, 12:31

comments powered by Disqus