Last Updated: Sunday, December 15, 2013, 18:48
नई दिल्ली : लोकपाल विधेयक को भाजपा के समर्थन का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आज आशा जताई कि संप्रग को बाहर से समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी (सपा) भ्रष्टाचार निरोधक विधेयक के अपने विरोध पर पुनर्विचार करेगी।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर कहा कि लोकपाल के समर्थन में मजबूती से सामने आने के लिए राहुल गांधी और इसका समर्थन करने वाले अरूण जेटली की प्रशंसा। आशा है कि सपा पुनर्विचार करेगी।
प्रवर समिति द्वारा विचार के बाद संशोधित रूप वाले लोकपाल विधेयक को पुनर्विचार के लिए राज्यसभा में वापस लाया गया लेकिन सपा सदस्यों द्वारा इसके विरोध के कारण कोई चर्चा नहीं हो सकी। सिंह ने कहा कि लोकपाल का समर्थन करने के लिए अन्ना को धन्यवाद। आशा है कि संसद के इस सत्र में यह कानून बनेगा।
विधेयक में किये गये संशोधनों में राज्यों में लोकायुक्त के गठन का प्रस्ताव हटा दिया गया है। इस बिन्दु पर दिसंबर 2011 में सदन में कई दलों ने इसका विरोध किया था। नया विधेयक लोकपाल को लोक सेवकों के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी की शक्ति भी देता है। लोकपाल विधेयक सोमवार को राज्यसभा में चर्चा के लिए रखा जाना है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 15, 2013, 18:48