Last Updated: Thursday, April 24, 2014, 19:49
नई दिल्ली : नेशनल डिफेंस कॉलेज के कमांडेंट वाइस एडमिरल सुनील लांबा को नौसेना का उप प्रमुख बनाए जाने की संभावना है। यह नौसेना में शीर्ष स्तर पर हो रहे बड़े फेरबदल का हिस्सा है। लांबा नौसेना प्रमुख पद की कतार में हैं और 2016 में इस शीर्ष पद पर पहुंचेंगे।
वह एडमिरल रोबिन धोवन का स्थान लेंगे, जिन्होंने एक हफ्ते पहले ही बल के प्रमुख का पदभार संभाला है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि फेरबदल के तहत पूर्वी कमान प्रमुख वाइस एडमिरल अनिल चोपड़ा को मुंबई स्थित पश्चिमी कमान भेजा जा सकता है।
सूत्रों ने बताया कि चोपड़ा की जगह वाइस एडमिरल सतीश सोनी लेंगे, जो दक्षिणी कमान का नेतृत्व कर रहे हैं। कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान का कार्यभार अब सामरिक बल कमांडर वाइस एडमिरल एसपीएस चीमा द्वारा संभाले जाने की उम्मीद है।
नौसेना के उप प्रमुख प्रदीप चटर्जी को पोर्ट ब्लयेर में अंडमान एवं निकोबार कमान की तीनों सेनाओं का नेतृत्व सौंपे जाने की उम्मीद है। पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके जोशी और पश्चिमी कमांडर वाइस एडमिरल शेखर सिन्हा के अचानक इस्तीफे के बाद शीर्ष स्तर पर यह फेरबदल जरूरी हो गया था। धोवन की सेवानिवृत्ति के बाद मई 2016 में अगले नौसेना प्रमुख के रूप में नियुक्ति की कतार में वरिष्ठता के मुताबिक लांबा का नंबर है।
नौसेना की पनडुब्बियों और अन्य उपकरणों में पिछले 10 महीने में एक के बाद हुई कई दुर्घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 26 फरवरी को जोशी ने इस्तीफा दे दिया था। इसके शीघ्र बाद धोवन को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया गया, जिस पर सिन्हा ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति मांगी। इससे बल में शीर्ष स्तर पर रिक्ति पैदा हो गई थी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 24, 2014, 19:49