तेजपाल मामला : गृह मंत्रालय ने गोवा पुलिस से रिपोर्ट मांगी

तेजपाल मामला : गृह मंत्रालय ने गोवा पुलिस से रिपोर्ट मांगी

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तहलका के प्रधान संपादक तरुण तेजपाल पर लगे यौन उत्पीड़न के मामले पर गोवा पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आर.पी.एन. सिंह ने शुक्रवार को दी। सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि गृह मंत्रालय ने गोवा पुलिस से मामले की पूरी जानकारी देने के लिए कहा है।

तहलका के प्रधान संपादक तरुण तेजपाल पर उनकी महिला सहकर्मी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। गोवा पुलिस ने शुक्रवार सुबह उनके घर की तलाशी ली है। इस बीच गोवा की एक अदालत ने उन्हें अपराह्न 2.30 बजे तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी है।

मंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह के दुर्व्यवहार के मामले में सजा मिलनी चाहिए और उन्होंने इस संदर्भ में गुजरात के पूर्व गृह राज्य मंत्री अमित शाह द्वारा बेंगलुरू की एक युवती की कथित जासूसी करने के मामले का भी जिक्र किया।

सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़ा कानून बनाया है और अगर कोई जासूसी, पीछा करने और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का आरोप पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी और इस मामले को राजनीति से ऊपर रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और उनके सहयोगी अमित शाह पर महिला की जासूसी का आरोप लगा रही है। भाजपा ने कहा है कि महिला के पिता के अनुरोध पर उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 29, 2013, 13:26

comments powered by Disqus