मुंबई में लापता नौसेना अफसरों की तलाश जारी

मुंबई में लापता नौसेना अफसरों की तलाश जारी

मुंबई: नौसेना ने मुंबई तट के पास पनडुब्बी आईएनएस सिंधुरत्न के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लापता हुए अपने दो अधिकारियों की तलाश आज भी जारी रखी। इस हादसे में सात नाविक गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त पनडुब्बी को मुंबई गोदी पर लाने की प्रक्रिया भी जारी है।

एक नौसेना सूत्र ने बताया कि कतिपय कारणों से पनडुब्बी को ले जाने में लंबा वक्त लग रहा है। ‘हालांकि यह नजदीक है, इसे गोदी तक लाने में वक्त लगेगा और उसे वहां लगाने में कुछ और वक्त।’ सूत्र ने यह भी बताया कि नौसना अपने लापता दो अधिकारियों को खोजने के लिए अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रही है।

इस बीच, घायल पनडुब्बी कर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। ये कर्मी जहरीली धुंए के संपर्क में आ गए थे। उन्हें विमान से ले जाया गया और नौसेना अस्पताल आईएनएस अश्विनी में उनका इलाज चल रहा है।

आईएनएस सिंधुरत्न कल तड़के नियमित प्रशिक्षण और निरीक्षण के लिए मुंबई के निकट समुद्र में था जब नाविकों के आवास क्षेत्र कंपार्टमेंट संख्या तीन में धुंए की रिपोर्ट मिली। नौसैनिक अधिकारियों ने बताया था, ‘दो अधिकारियों का पता नहीं चला। वे शायद केबिन में पड़े रह गए या किसी अन्य जगह पर पड़े रह गए क्योंकि आपातकालीन उपाय के एक हिस्से के रूप में विभिन्न केबिन और कंपार्टमेंट अलग-थलग हैं।’ हादसे के कुछ ही घंटे बाद नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके जोशी ने कल इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। (एजेंसी)



First Published: Thursday, February 27, 2014, 12:14

comments powered by Disqus