Last Updated: Monday, February 10, 2014, 19:26
नई दिल्ली : तीसरे मोर्चे के गठन को लेकर गतिविधियों में तेजी के बीच माकपा नेता सीताराम येचुरी ने सोमवार को कहा कि तीसरे मोर्चे का कोई भी गठबंधन लोकसभा चुनाव के बाद ही होगा न कि चुनाव से पहले।
येचुरी ने यहां संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले कोई (तीसरा) मोर्चा नहीं होगा। 1977 से अब तक जब कभी गठबंधन हुआ है, चुनावों के बाद ही हुआ है, वह चाहे राजग हो या संयुक्त मोर्चा।’’ सपा नेता मुलायम सिंह यादव ने भी कहा है कि आम चुनावों के बाद ही तीसरा मोर्चा बन सकता है।
उक्त टिप्पणियां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वाम दलों के नेतृत्व के आज बैठक कर गैर कांग्रेस और गैर भाजपा गठबंधन बनाने की संभावना पर चर्चा के कदम की प्रतिक्रिया में आई हैं। अनौपचारिक बैठक जद-एस प्रमुख पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौडा के आवास पर हुई। सुबह की बैठक में तय किया गया कि गैर कांग्रेस और गैर भाजपा 11 राजनीतिक दलों के नेता विस्तारित शीतकालीन सत्र संपन्न होने पर औपचारिक बैठक कर ‘तीसरे मोर्चे’ को ठोस स्वरूप प्रदान करने पर चर्चा करेंगे।
यह पूछने पर कि क्या अरविन्द केजरीवाल की आप ऐसे किसी मोर्चे में शामिल होगी, येचुरी ने कहा कि केजरीवाल को उन कुछ नीतियों और सिद्धांतों पर नजरिया स्पष्ट करना चाहिए, जिन नीतियों और सिद्धांतों की वजह से 11 दल एक साथ आए हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 10, 2014, 19:26