Last Updated: Saturday, October 5, 2013, 18:35

चेन्नई : साल 2011 में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के यात्रा मार्ग में पाइप बम लगाने और भाजपा तथा संघ परिवार के नेताओं की हाल ही में हत्या के मामलों में दो मुख्य संदिग्धों को आज 12 घंटे से अधिक समय तक चले संघर्ष के बाद आंध्र प्रदेश के पुथूर से एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया। तमिलनाडु के डीजीपी के. रामनुजम ने बताया, पन्ना इस्माइल और बिलाल मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही तमिलनाडु पुलिस की अपराध शाखा सीआईडी ने मामले में अब तक चार में से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
कल गिरफ्तार किए गए फखरद्दीन नामक शख्स की जानकारी पर पुलिस ने तड़के 3 बजे के आसपास यहां से करीब 120 किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश के पुथूर में एक घर को घेर लिया। पुलिस और संदिग्धों के बीच गोलीबारी होने से इलाके में तनाव फैल गया। रामानुजम के अनुसार आरोपियों के हमले में एक पुलिस निरीक्षक जख्मी हो गया।
डीजीपी ने कहा, पुलिस को अपने बचाव में गोलीबारी शुरू करनी पड़ी। एक प्रमुख संदिग्ध पन्ना इस्माइल घायल हो गया। घायल पुलिस निरीक्षक को यहां श्री रामचंद्र मेडिकल अस्पताल के न्यूरो आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, October 5, 2013, 18:08