Last Updated: Sunday, February 16, 2014, 09:31
ज़ी मीडिया ब्यूरोजयपुर : भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी का कहना है कि लोकसभा चुनावों के बाद अगर भाजपा की सरकार बनी तो आयकर और उत्पाद कर समाप्त किया जाएगा। इसके तहत एक लाख रुपये प्रतिमाह कमाने वाले लोगों को भी आयकर
के दायरे से बाहर रखा जाएगा। स्वामी शनिवार को जयपुर में भाजपा सीए प्रकोष्ठ को संबोधित कर रहे थे।
स्वामी ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो देश में चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत आयकर और उत्पाद कर समाप्त किया जाएगा। सबसे पहले एक लाख रुपए तक के मासिक आय वालों को आयकर के दायरे से बाहर किया जाएगा। इसके बाद एक करोड़ रूपए वार्षिक आय वालों को छूट दी जाएगी। स्वामी ने बताया कि पार्टी ने नितिन गडकरी की अध्यक्षता में विजन कमेटी का गठन किया है। इसमें उन्हें आर्थिक दृष्टिकोण कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया। कमेटी ने देश की आर्थिक दशा सुधारने के लिए विशेष प्रस्ताव तैयार किए हैं, जिन्हें भाजपा सरकार के आने पर लागू किया जाएगा।
स्वामी ने कहा कि आयकर और उत्पाद कर समाप्त करने के साथ ही जीडीपी में 12 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि होगी। इसके लिए 95 प्रतिशत सहयोग देश की बचत से और शेष विदेशी पूंजी से होगा। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का हल नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। वे एक बार बने तो 20 साल तक तो रहेंगे ही। विजन डॉक्यूमेंट में इस धन की व्यवस्था के लिए उन्होंने विदेशों से काला धन लाने, स्पेक्ट्रम और कोयला नीलामी और कृषि क्षेत्र में विकास की रणनीति के सहारे संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा देश की नदियों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों से पांच साल में चीन को ओवरटेक करेंगे और 10 साल में अमरीका के बराबर हो जाएंगे।
स्वामी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पी. चिदम्बरम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये तीनों कई मामलों में जेल जाएंगे। एक बार चिदम्बरम बच गए हैं, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही उन्हें कई मामलों में जेल जाना होगा। आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए स्वामी ने केजरीवाल को नक्सलवादी कहा। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे गृह मंत्रालय के विदेशी धन संबंधी सवालों का जवाब नहीं देने के मामले में केजरीवाल पर खुलासा करेंगे। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उन्होंने सर्कस का शेर बताया और कहा कि वे अपनी ताकत का इस्तेमाल नहीं करते हैं बल्कि हुकुम बजाते हैं।
First Published: Sunday, February 16, 2014, 09:19