आखिर क्या था सोनिया गांधी तक पहुंचे पर्चे में ?

आखिर क्या था सोनिया गांधी तक पहुंचे पर्चे में ?

नई दिल्ली : लोकसभा में सोमवार को अंतरिम बजट पेश किए जाने के दौरान कुछ देर के लिए किसी सस्पेंस मूवी जैसा माहौल बन गया।

एक पर्चा विपक्ष की ओर से सत्ता पक्ष की ओर चला और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के हाथों तक पहुंचा। सभी सदस्यों की उत्सुकता भरी निगाहें सोनिया गांधी की सीट पर जाकर जम गईं। हर सदस्य की निगाहों में सवाल था कि पर्चे में क्या लिखा है ? सदन में वित्त मंत्री पी चिदम्बरम वर्ष 2014-15 का अंतरिम आम बजट पेश कर रहे थे कि इसी दौरान अचानक से सपा नेता शैलेन्द्र कुमार एक पर्चा लेकर सत्ता पक्ष की अग्रिम पंक्ति में सोनिया गांधी के पास पहुंचे और संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ के सामने पर्चा रखकर अपनी सीट पर लौट गए।

इसके बाद कमलनाथ ने पर्चे में लिखे मजमून की जानकारी से सोनिया गांधी को अवगत कराया जिसके बाद सोनिया गांधी और सपा नेता मुलायम सिंह की नजरें मिलीं तो सोनिया गांधी सिर हिलाते हुए उन्हें कुछ समझाती दिखीं। इसके कुछ ही क्षण बाद सोनिया गांधी ने उंगली से इशारा कर शैलेन्द्र कुमार को बुलाया और उन्हें कोई बात कहती दिखीं। लेकिन पता नहीं चल सका कि दोनों पक्षों में क्या बातचीत हो रही थी।

हालांकि सभी सदस्यों की निगाहों में भी यही सवाल था.. पर्चे में क्या लिखा था? (एजेंसी)

First Published: Monday, February 17, 2014, 18:37

comments powered by Disqus