Last Updated: Monday, May 19, 2014, 23:07
नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हारने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि वह संगठन बनाने और आंतरिक ढ़ांचे को ‘‘सुधारने’’ तथा पार्टी की प्रक्रिया को सही करने पर बल देंगे।
फेसबुक वाल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में केजरीवाल ने स्वयंसेवकों की कोशिशों की प्रशंसा की और पूरे देश में संगठन बनाने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संगठन सिर्फ डेढ़ साल पुराना है और हमें पार्टी की आंतरिक संरचना पर काम करने की जरूरत है, जिसके लिए हम सभी को साथ मिलकर इस संगठन को बनाने के लिए काम करने की जरूरत है।’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में हम संगठन बनाने और आंतरिक संरचना तथा प्रक्रियाओं को सुधारने पर ध्यान देंगे। मुझे विश्वास है कि हम साथ मिलकर अपने देश में स्वराज का सपना साकार कर सकेंगे।’’
आप ने लोकसभा चुनाव में 443 उम्मीदवार उतारे थे जिनमें से उसे सिर्फ चार सीटों पर जीत मिली है। पार्टी के सभी चार सांसद पंजाब से हैं। चुनाव में सभी को आश्चर्यचकित करते हुए डॉक्टर धरम वीर गांधी, हास्य कलाकार भगवंत मान, साधु सिंह और हरिन्दर सिंह खालसा ने जीत हासिल की है।
लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चारों सांसदों ने पार्टी प्रमुख केजरीवाल से दिल्ली में भेंट की। आप के राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य और पार्टी के महासचिव पंकज गुप्ता ने बताया, ‘‘यह औपचारिक भेंट थी, सभी सांसद केजरीवाल से मिलना चाहते थे।’’ (एजेंसी)
First Published: Monday, May 19, 2014, 23:07