अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे दिनशा पटेल

अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे दिनशा पटेल

खेड़ा (गुजरात) : पांच बार से लोकसभा सांसद और केन्द्रीय खनन मंत्री दिनशा पटेल ने आज कहा कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि वह इस फैसले के बारे में कांग्रेस नेतृत्व को पहले ही सूचित कर चुके हैं।

पटेल ने कहा कि मैंने अपनी पार्टी :कांग्रेस: को बताया है कि मैं अगला चुनाव नहीं लडूंगा। उन्हें इस सीट से अन्य लोगों को मौका देना चाहिए। उम्मीदवार कोई भी हो, मैं सीट जिताने में पार्टी की मदद करूंगा।उन्होंने कहा कि उन्होंने छह महीने पहले इस फैसले के बारे में पार्टी को सूचित कर दिया था।

पटेल की इस घोषणा को कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है क्योंकि भाजपा के राज्य में लहर के बावजूद पटेल खेड़ा सीट जीतते रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता को मध्य गुजरात क्षेत्र का पार्टी का स्तंभ माना जाता है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, 76 वर्षीय नेता ने बढ़ती उम्र के कारण चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया।लोकसभा के लिए चुने जाने से पहले पटेल पांच बार विधायक रह चुके हैं और वह वर्ष 1990 से 1995 के बीच कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रहे थे।

पटेल के फैसले ने यहां राजनीतिक माहौल में सनसनी मचा दी क्योंकि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा ने गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य बनाया है। हालांकि, कांग्रेसी सूत्रों ने कहा कि चुनावी राजनीति से उनके संन्यास के बारे में अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान द्वारा किया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 28, 2013, 22:53

comments powered by Disqus