`तालिबान के हिन्दू संस्करण` को जीतने नहीं दूंगा : दिग्विजय सिंह

`तालिबान के हिन्दू संस्करण` को जीतने नहीं दूंगा : दिग्विजय सिंह

`तालिबान के हिन्दू संस्करण` को जीतने नहीं दूंगा : दिग्विजय सिंहज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव और भाजपा से जुड़े हिन्दू संगठन के घोर आलोचक दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तुलना आतंकवादी संगठन तालिबान से की है। नरेंद्र मोदी और भाजपा पर ताजा हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि वह भारत में ‘तालिबान के हिन्दू संस्करण’ को विजयी नहीं होने देंगे।

सिंह ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं उन सबसे नफरत करता हूं जो तालिबान और घृणा की विचारधारा की वकालत करते हैं और मैं भारत में तालिबान के हिन्दू संस्करण को विजयी होने नहीं दूंगा।’ सरदार पटेल की विरासत ‘हथियाने’ के प्रयास के लिए मोदी पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि उन्हें डर है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार किसी न किसी दिन चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह को भी ‘आरएसएस प्रचारक’ घोषित करेंगे।

सिंह ने इस बात पर भी आश्चर्य जताया कि मोदी पटेल की विरासत ‘हथियाने’ की प्रक्रिया में आरएसएस को ‘धोखा’ दे रहे हैं। कांग्रेस ने मोदी और भाजपा पर पटेल की विरासत को हथियाने का आरोप लगाया और कहा कि पटेल की ‘सांप्रदायिक’ छवि बनाने का प्रयास या उन्हें ‘सांप्रदायिक ताकतों ’ का चेहरा बनाना गलत होगा।

सिंह ने ट्विटर पर टिप्पणी की, ‘क्या नरेंद्र मोदी आरएसएस के चेहरों गोलवरकर, दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी को धोखा दे रहे हैं? क्या अब वह पटेल की विरासत हथियाने का प्रयास कर रहे हैं?’ सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मोदी एक दिन चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह के आरएसएस का प्रचारक होने और भारत को आरएसएस के कारण आजादी मिलने का दावा भी करेंगे।

उन्होंने कहा कि इसके लिए मोदी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। आरएसएस अपने कार्यकर्ताओं को यही सिखाता है। इतिहास वही है जैसे आरएसएस इसे देखता है। सिंह ने हालांकि दिग्गज गायिका लता मंगेशकर द्वारा कल पुणे में मोदी की प्रशंसा करने के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

First Published: Saturday, November 2, 2013, 16:56

comments powered by Disqus