Last Updated: Wednesday, April 23, 2014, 23:28
न्यूयार्क: जिन पशुओं का मस्तिष्क आकार में (अपने शरीर के अनुपात में नहीं) जितना बड़ा होता है, वे उतना ही अधिक समझदार होते हैं। यह निष्कर्ष जंतुओं में संयम के विकास पर किए गए एक व्यापक अध्ययन में सामने आया। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले के मनोवैज्ञानिक लूसिया जैकब्स ने कहा, यह अध्ययन सभी जंतुओं के लिए बुद्धिमानी के समान अवसर को रेखांकित करता है।
पहले यह माना जाता था कि सिर्फ मस्तिष्क के आकार से नहीं बल्कि शरीर के अनुपात में मस्तिष्क के आकार से बुद्धिमानी का स्तर पता चलता है। ताजा अध्ययन इस विश्वास को गलत ठहराता है। शोध में पशुओं की तीन दर्जन से अधिक प्रजातियों पर अध्ययन किया गया और पाया गया कि जिस जंतु के भोजन में जितनी विविधता होती है, उसमें उतना अधिक आत्मसंयम होता है। यह अध्ययन शोध पत्रिका `प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज` में प्रकाशित हुआ है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 23, 2014, 23:19