वोलीविया में दुनिया की सबसे उच्च केबल कार सेवा शुरू

वोलीविया में दुनिया की सबसे उच्च केबल कार सेवा शुरू

लापाज : बोलीविया के राष्ट्रपति इवो मोरालिस ने दुनिया की सबसे उच्च केबल-कार प्रणाली का उद्घाटन किया, जो यात्रियों के लिए लापाज और अल अल्टो के बीच चलाई जाएगी। समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार, यह केबल कार समुद्र तल से 4,000 मीटर की ऊंचाई पर चलेगी।

बोलीविया की परिवहन व्यवस्था ने केबल-कार के माध्यम से इन दो शहरों के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले लगभग 4,40,000 यात्रियों को एक वैकल्पिक यातायात सुविधा प्रदान की है, जो अन्य विकल्पों से ज्यादा तेज है। ऑस्ट्रिया की कंपनी डोप्पेलमायर द्वारा 23.50 करोड़ डॉलर की लागत से तैयार की गई केबल-कार तीन लाइनों पर चलेगी और 11 स्टेशनों पर रुकेगी। इस समय हालांकि सिर्फ एक ही लाइन पर केबल-कार सेवा शुरू की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि जब केबल-कार का पूरा नेटवर्क संचालित हो जाएगा तब यह दोनों दिशाओं से प्रति घंटे 3,000 यात्रियों को लेकर 10 किलोमीटर तक की यात्रा करेगी। केबल-कार के उद्घाटन समारोह में बीते शुक्रवार को स्थानीय अधिकारी, कूटनीतिज्ञ और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। केबल-कार प्रणाली के निर्माण में 1,000 लोगों को शामिल किया गया, जिसमें बोलीविया सहित दूसरे देशों के भी मजदूर शामिल थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 31, 2014, 19:30

comments powered by Disqus