Last Updated: Monday, April 14, 2014, 08:44

लंदन: स्विट्जरलैंड द्वारा एक अत्याधुनिक सौर ऊर्जा संचालित फ्लाइंग (उड़ने वाली) मशीन के अनावरण के बाद सौर ऊर्जा संचालित विमान से दुनिया की यात्रा की संभावना और बढ़ गई है। पायलट आंद्रे बोश्र्चबर्ग और बेरट्रैंड पिकार्ड ने पायेर्न शहर के एक समारोह में अत्याधुनिक फ्लाइंग मशीन का अनावरण किया।
पिकार्ड ने बताया कि आज हम सौर ऊर्जा पर दुनिया की उड़ान भरने के सपने के एक कदम और करीब आ गए हैं।
उन्होंने कहा कि आज यह विमान तैयार हो गया है। यह अपने समय का बहुत असाधारण विमान है। यह बिना ईंधन के दिन-रात उड़ सकता है और हमें उम्मीद है कि हम इसे दुनियाभर में पहुंचा सकते हैं।
गौरलतब है कि बोश्र्चबर्ग और पिकार्ड ने अमेरिका में एक रिकॉर्ड सेटिंग पर पहली पीढ़ी का प्रोटोटाइप `सोलर इंपल्स विमान` उड़ाया था। पांच नियोजित ठहरावों के साथ कैलिफोर्निया से न्यूयॉर्क यात्रा में दो महीने लगे थे। सौर इम्पल्स विमान पहले ऐसे विमान हैं जो बिना ईंधन के दिन-रात उड़ सकते हैं।
ये अल्ट्रा-लाइटवेट विमान पूरी तरह से सौर पैनलों और बैटरियों सें संचालित होते हैं, जो दिन के समय चार्ज होते हैं और सूर्यास्त के बाद भी उड़ सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि `सोलर इम्पल्स 2` मई में परीक्षण श्रृंखलाओं से गुजरेगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 14, 2014, 08:44