आर. अश्विन को BCCI का पोली उमरीगर पुरस्कार

आर. अश्विन को BCCI का पोली उमरीगर पुरस्कार

आर. अश्विन को BCCI का पोली उमरीगर पुरस्कारनई दिल्ली : ऑफ स्पिनर आर. अश्विन को इस साल भारत के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का पोली उमरीगर पुरस्कार दिया जाएगा।

मुंबई में 11 जनवरी को होने वाले बीसीसीआई के सालाना पुरस्कार समारोह में सीनियर और जूनियर स्तर पर देश के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाएगा। इनका एक अक्तूबर 2012 से 30 सितंबर 2013 तक का प्रदर्शन आधार रहेगा।

अश्विन ने इस अवधि में आठ टेस्ट में 43 विकेट लिए जिसमें चार बार पारी के पांच विकेट शामिल है । सके अलावा उन्होंने दो अर्धशतक समेत 263 रन भी बनाए। वहीं 18 वनडे में उन्होंने 24 विकेट और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में तीन विकेट लिये।

पोली उमरीगर पुरस्कार के तहत एक ट्रॉफी और पांच लाख रूपए दिए जाते हैं। अब तक सचिन तेंदुलकर (2006-07 और 2009-10), वीरेंद्र सहवाग (2007-08), गौतम गंभीर (2008-09), राहुल द्रविड़ (2010-11) और विराट कोहली (2011-12) यह पुरस्कार जीत चुके हैं।

अभिषेक नायर को 2012-13 के रणजी सत्र में सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला का लाला अमरनाथ पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने 96.6 की औसत से 966 रन बनाए जिसमें तीन शतक और आठ अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा 19 विकेट भी लिये। पुरस्कार के तहत उन्हें एक ट्राफी और 2.5 लाख रुपए का चैक दिया जाएगा।

मुंबई क्रिकेट संघ को सर्वश्रेष्ठ ओवरआल प्रदर्शन का पुरस्कार दिया जाएगा। एमसीए की विभिन्न टीमों ने रणजी ट्रॉफी, अंडर 25 सीके नायडू ट्राफी, अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्राफी, महिला अंडर 19 अंतर राज्य टूर्नामेंट जीतने के अलावा अंडर 19 कूच बेहार ट्राफी का फाइनल खेला।

रोहित शर्मा को वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया टेस्ट श्रृंखला में भारत के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का दिलीप सरदेसाई पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने दोनों टेस्ट में शतक जमाते हुए कुल 288 रन बनाए। पुरस्कार के तहत उन्हें ट्राफी और पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। तीन पूर्व दिग्गजों बापू नाडकर्णी, फारूख इंजीनियर और दिवंगत एकनाथ सोल्कर को भी भारतीय क्रिकेट में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्हें स्मृति चिन्ह और 15-15 लाख रुपये मिलेंगे।

जीवनजोत सिंह चौहान : रणजी ट्राफी में सर्वाधिक रन बनाने के लिए माधवराव सिंधिया पुरस्कार। उन्होंने 10 मैचों में 66.33 की औसत से 995 रन बनाए। उन्हें एक ट्राफी और ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे।

ईश्वर पांडे : रणजी ट्राफी में सर्वाधिक विकेट लेने के लिये माधवराव सिंधिया पुरस्कार। उन्होंने आठ मैचों में 48 विकेट लिए।

करण शर्मा : सर्वश्रेष्ठ अंडर-25 क्रिकेटर की एमए चिदंबरम ट्राफी।
अक्षर पटेल : सर्वश्रेष्ठ अंडर-19 क्रिकेटर की एमए चिदंबरम ट्राफी।
अरमान जाफर : सर्वश्रेष्ठ अंडर-16 क्रिकेटर की एमए चिदंबरम ट्राफी।
एमडी तिरुशकामिनी : सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (सीनियर) की एमए चिदंबरम ट्राफी।

First Published: Thursday, December 26, 2013, 16:53

comments powered by Disqus