बिशन सिंह बेदी DDCA अध्यक्ष पद का चुनाव हारे

बिशन सिंह बेदी DDCA अध्यक्ष पद का चुनाव हारे

बिशन सिंह बेदी DDCA अध्यक्ष पद का चुनाव हारेज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : भारत के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी और उनकी टीम को आज दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (DDCA) चुनावों में अरूण जेटली के समर्थन वाले विरोधी गुट के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी। भ्रष्टाचार मुक्त DDCA चुनाव के लिए लड़ने वाले बेदी गैर खिलाड़ियों की सत्ता का अंत करना चाहते थे। उन्हें निवृतमान उपाध्यक्ष स्नेह प्रकाश बंसल ने अध्यक्ष पद के चुनाव में 2148 वोट से हराया। बंसल को 3433 वोट मिले जबकि बेदी को सिर्फ 285 वोट मिले। किसी भी पूर्व क्रिकेटर को अपने वर्ग में 200 वोट भी नहीं मिल सके।

DDCA उपाध्यक्ष पद का चुनाव 3442 वोट से फिर जीतने वाले चेतन चौहान ने कहा, कुल 4300 वोट में से हम सुबह दस बजे ही परोक्ष 3400 वोट जमा कर चुके थे। हमारे लिए यह बड़ी जीत है। सदस्यों ने हम पर फिर भरोसा किया है और हम अच्छा काम करते रहेंगे। सुरिंदर खन्ना महासचिव पद के चुनाव में अनिल खन्ना से 2345 वोट से हारे। अनिल खन्ना को 3514 और सुरिंदर को 169 वोट मिले।

भारत की 1983 विश्व कप की जीत के नायकों में शुमार मदन लाल को खेल सचिव पद के लिये सुनील देव ने 3258 वोट से हराया । देव को 3430 वोट मिले जबकि मदन लाल को 172 वोट ही मिले। पूर्व क्रिकेटर गुरशरण सिंह और अब्बास अली बेग कार्यकारी समिति में स्थान पाने के लिये चुनाव में खड़े थे जिन्हें क्रमश: 163 और 69 वोट मिले। बेदी धड़े ने एजीएम के संचालन के तरीके पर आपत्ति जताई। वहीं बंसल एंड कंपनी ने दिखा दिया कि जब तक परोक्ष वोट की व्यवस्था है, कोई भी बाहरी व्यक्ति चुनाव नहीं जीत सकता। बंसल ने पदभार संभालने के बाद कहा, परोक्ष मतदान की व्यवस्था कंपनी अधिनियम में मान्य है। हम कुछ भी अवैध नहीं कर रहे हैं। यह चुनाव था और हमें जनादेश मिला है।


क्या बेदी का पक्ष इस समिति द्वारा सुना जायेगा तो बंसल ने जवाब दिया, पेशकश और मदद के सुझाव उनकी तरफ से आने चाहिए। खेल सचिव सुनील देव ने मदन लाल को हराकर अपना पद बरकरार रखा है। उन्होंने कहा, परोक्ष प्रणाली से DDCA को अवांछित तत्वों को संघ से दूर रखने में मदद की, वर्ना यह नर्क हो जाता। वहीं बेदी एजीएम कराने के तरीके से खफा थे। उन्होंने कहा, निवर्तमान अध्यक्ष एक सवाल का जवाब दते हुए कहा कि अगला मैच कोटला में होगा। वह शायद यह नहीं जानते कि यह दिल्ली का इस सत्र का अंतिम मैच है। इससे पहले बेदी समूह ने धरने का आयोजन किया लेकिन इसे अधिक तवज्जो नहीं मिली और बामुश्किल इसमें 10 लोग मौजूद थे।

पूर्व भारतीय आल राउंडर कीर्ति आजाद ने कहा कि वे परोक्ष प्रणाली के खिलाफ अदालत जाने की योजना बना रहे हैं। आजाद ने कहा, हम अदालत का रूख कर रहे हैं ताकि DDCA को कंपनी के रूप में भंग किया जा सके। हम अपनी आवाज उठायी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। निवर्तमान अध्यक्ष जेटली के सामने सारी प्रक्रिया संपन्न हुई, वीरेंद्र सहवाग भी आए उन्होंने भी उनसे आर्शीवाद दिया। दोनों के बची आधे घंटे तक बातचीत चलती रही।

पदाधिकारियों की सूची इस प्रकार है :-

स्नेह प्रकाश बंसल (अध्यक्ष) ने बिशन सिंह बेदी को 3433 - 285 मत से हराया।

उपाध्यक्ष :- सी के खन्ना (3469), चेतन चौहान (3442), गंगा प्रसाद गुप्ता (3608)
महासचिव :- अनिल खन्ना ने सुरिंदर खन्ना को 3514 - 169 मत से हराया।

खेल सचिव :- सुनील देव ने मदन लाल को 3430-172 मत से हराया।

क्लब सचिव :- सुनील कुमार जैन ने संजय अग्रवाल को 3664 -09 मत से मात दी।

कोषाध्यक्ष :- रविंदर मनचंदा ने राजीव अग्रवाल को 3583 - 92 मत से हराया।

कार्यकारी समिति :- अजय शर्मा (3651), अशोक शर्मा (3561), ब्रिज मोहन गुप्ता (3650), हर्ष कुमार शर्मा (3429), सिद्धार्थ सिंह (3567), सूर्य प्रकाश सिंह (3091), विकास कात्याल (3500) और विश्वनाथ अग्रवाल (3461)


First Published: Monday, December 30, 2013, 16:15

comments powered by Disqus