Last Updated: Friday, February 7, 2014, 09:10
ज़ी मीडिया ब्यूरोआकलैंड : न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। मैकुलम की शानदार पारी में कई चौके और छक्के शामिल हैं।
मैकुलम ने 307 गेंदों पर 29 चौकों और पांच गगनदायी छक्कों की मदद से 224 रन बनाए। मैकुलम के दोहरे शतक की बदौलत ने न्यूजीलैंड ने 503 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश की है।
वहीं, न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन चाय के विश्राम तक भारत के तीन विकेट 45 रन पर निकालकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। शिखर धवन (शून्य), चेतेश्वर पुजारा (1) और फार्म में चल रहे विराट कोहली (4) ने काफी निराशजनक प्रदर्शन किया और पेवेलियन लौट गए।
न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट और टिम साउथी की सीम और स्विंग लेती गेंदबाजी का शिकार बनकर ये सभी बल्लेबाज पेवेलियन लौटे। बाएं हाथ के गेंदबाज बोल्ट ने भारत को पारी के पहले ओवर में ही दो करारे झटके दिये।
धवन की विदेशी पिचों पर गलत तकनीक का फिर से खुलासा हो गया। उन्होंने पारी की दूसरी गेंद पर ही केन विलियमसन को गली में आसान कैच थमाया। बोल्ट ने इसके बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर पुजारा को पवेलियन भेजा जिन्होंने काफी बाहर जाती गेंद से छेड़ने की सजा भुगती। इसके बाद साउथी की उठती गेंद कोहली के दस्ताने को चूमकर दूसरी स्लिप में पीटर फुल्टन के सुरक्षित हाथों में समायी। मैकुलम के बेजोड़ दोहरे शतक से न्यूजीलैंड ने इशांत शर्मा के छह विकेट के बावजूद अपनी पहली पारी में 503 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की टीम आखिर में 121.4 ओवर में आउट हुई। इशांत ने 134 रन देकर छह विकेट हासिल किए। यह उनके करियर में चौथा अवसर है जब उन्होंने पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Friday, February 7, 2014, 09:10