Last Updated: Sunday, March 2, 2014, 20:32
केपटाउन : ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने नाबाद 161 रन बनाकर अपनी टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे आज यहां मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बारिश के कारण जब चाय का विश्राम जल्दी लेना पड़ा तब ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट पर 494 रन बनाये थे। कामचलाउ स्पिनर जे पी डुमिनी ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 73 रन देकर चार विकेट लिये हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने लंच के बाद तेजी से रन बनाने की रणनीति अपनायी और इस बीच डुमिनी ने तीन विकेट हासिल किये। आस्ट्रेलिया ने सुबह सर्द और हवादार मौस में स्टीवन स्मिथ (84) का विकेट गंवाकर 103 रन बनाये। उसने दूसरे सत्र में बारिश के व्यवधान तक 13.4 ओवर में 60 रन जोड़े। पहले दिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दक्षिण अफ्रीका के मुख्य तेज गेंदबाज डेल स्टेन आज गेंदबाजी नहीं कर पाये। ऑस्ट्रेलिया के लिये महत्वपूर्ण यह था कि वह दक्षिण अफ्रीका को सुबह विकेट नहीं लेने दे क्योंकि तब गेंद भी लगभग नयी थी।
काइल अबोट ने सुबह छह ओवर का बेहतरीन स्पैल किय। इस बीच उन्होंने केवल एक रन दिया लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला। इस बीच वर्नोन फिलैंडर ने छह ओवर में 39 रन लुटाये। स्मिथ ने इस बीच आक्रामक क्रिकेट खेली। उन्होंने बायें हाथ के कामचलाउ स्पिनर डीन एल्गर की गेंद अपने विकेटों पर खेलने से पहले क्लार्क के साथ चौथे विकेट के लिये 184 रन जोड़े। उन्होंने अपनी 155 गेंद की पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाये।
श्रृंखला में अपना पहल मैच खेल रहे शेन वाटसन पहली गेंद पर ही डीआरएस से बचे। इसके बाद उन्होंने 32 गेंदों पर दो चौकों ओर तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाये। उन्होंने डुमिनी पर चौथा छक्का जड़ने के प्रयास में लांग आफ पर कैच थमाया। डुमिनी ने इसके बाद ब्रैड हैडिन (13) और मिशेल जानसन (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद हालांकि बारिश आ गयी जिसके कारण खेल रोकना पड़ा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 2, 2014, 20:32