भारतीय महिला हाकी टीम ने मलेशिया को हराया

भारतीय महिला हाकी टीम ने मलेशिया को हराया

कुआलालंपुर: फारवर्ड रानी के दो गोल की मदद से भारतीय महिला हाकी टीम ने आज यहां छह टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में मलेशिया को 5-0 से हरा दिया। मलेशिया के खिलाफ यह छह मैचों की श्रृंखला राष्ट्रमंडल खेल 2014 की तैयारी का हिस्सा है।

रानी ने 19वें और 50वें मिनट में गोल दागे जबकि रितु रानी , गुरजीत कौर और रितुशा आर्य ने भी एक एक गोल किया। भारतीय टीम ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया। रानी ने 19वें मिनट में टीम की ओर से पहला गोल दागा जबकि कप्तान रितु रानी ने 27वें मिनट में शानदार मैदानी गोल दागकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

मध्यांतर तक भारतीय टीम 2-0 से आगे थी। भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में भी शानदार शुरूआत की। अंतरराष्ट्रीय हाकी में पदार्पण कर रही गुरजीत कौर ने 42वें मिनट में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। रानी ने इसके बाद स्कोर 4-0 किया।

रितुशा ने इसके बाद मैच के अंतिम लम्हों में एक और गोल दागकर भारत की 5-0 से जीत सुनिश्चित की। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 10 जून को खेला जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 9, 2014, 22:24

comments powered by Disqus