आईपीएल-7 : मैक्सवेल का मतलब धुआंधार और शानदार

आईपीएल-7 : मैक्सवेल का मतलब धुआंधार और शानदार

आईपीएल-7 : मैक्सवेल का मतलब धुआंधार और शानदारनई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का सातवां संस्करण अपना आधा सफर तय कर चुका है, और इस बीच कई बल्लेबाजों ने अपने बल्ले की धमक से क्रिकेट प्रशंसकों का भरपूर मनोरंजन किया। किंग्स इलेवन पंजाब के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने लेकिन 203.27 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 435 रन बनाकर खेल प्रशंसकों के साथ-साथ खेल विशेषज्ञों का सर्वाधिक ध्यान आकर्षित किया है। मैक्सवेल ने आईपीएल-7 में अब तक 95, 89, 95, 15, 6, 45 और 90 रनों की धुआंधार पारियां खेली हैं।

आईपीएल-7 के लीग चरण के अपने 14 मैचों में किंग्स इलेवन सात मैच खेल चुकी है और छह मैचों में जीत दर्ज कर वह इस समय आठ टीमों की अंकतालिका में सबसे ऊपर है। किंग्स इलेवन के लिए मैक्सवेल के योगदान को हम इसी बात से समझ सकते हैं कि अब तक मिली छह जीतों में से पांच में उसे मैक्सवेल के बल्ले की बदौलत ही जीत मिली है।

हालांकि ऐसा नहीं है कि दर्शकों का बल्ले से मनोरंजन करने वाले मैक्सवेल अकेले बल्लेबाज हैं। आइए नजर डालते हैं आईपीएल-7 में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच ऐसे ही बल्लेबाजों पर :

ग्लेन मैक्सवेल : सर्वाधिक रनों (435) के साथ मैक्सवेल ने आईपीएल-7 में अब तक लगभग पूरे समय ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाए रखा है। आईपीएल-7 में एक पारी में सर्वाधिक रन (95) का रिकॉर्ड भी अब तक मैक्सवेल के ही नाम है। इतना ही नहीं अब तक 41 चौके और 27 छक्के लगाकर मैक्सवेल सर्वाधिक चौके और छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हुए हैं।

ड्वायन स्मिथ : चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज ड्वायन स्मिथ ने अब तक आठ मैचों की अपनी आठ पारियों में 145.49 के स्ट्राइक रेट से 339 रन बनाए हैं, और मैक्सवेल के बाद ऑरेंज कैप की दौड़ में दूसरे नंबर पर हैं। स्मिथ का सर्वोच्च स्कोर 79 रन है। स्मिथ की आक्रामकता को हम इससे भी समझ सकते हैं कि छक्के लगाने के मामले में वह इस दौरान शीर्ष पर भी रह चुके हैं तथा 24 छक्कों के साथ इस समय भी मैक्सवेल से सिर्फ तीन छक्के पीछे हैं। स्मिथ इस बीच ऑरेंज कैप भी हासिल कर चुके हैं।

ब्रेंडन मैक्लम : सुपर किंग्स के ही दूसरे सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम ने स्मिथ का भरपूर साथ दिया है, तथा मैक्लम और स्मिथ की जोड़ी आईपीएल-7 की सबसे सफल सलामी जोड़ी बनी हुई है। मैक्लम ने आईपीएल-7 में अब तक आठ मैचों की आठ पारियों में 123.13 के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए हैं। मैक्लम का सर्वोच्च निजी स्कोर नाबाद 71 रन है। 29 चौकों के साथ वह स्मिथ से आगे हैं। मैक्लम ने अब तक तीन अर्धशतक लगाए हैं।

ज्यां पॉल ड्यूमिनी : दिल्ली डेयरडेविल्स टीम ने अब तक भले सबसे बुरा प्रदर्शन किया हो, लेकिन पांचवें/छठे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले ड्यूमिनी ने निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। पांच बार नाबाद रहते हुए ड्यूमिनी ने अपनी आठ पारियों में अब तक 93.33 के औसत से 280 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च निजी स्कोर नाबाद 67 रन है। ड्यूमिनी ने अब तक 12 छक्के लगाए हैं।

रोबिन उथप्पा : कोलकाता नाइट राइर्डस के बल्लेबाज रोबिन उथप्पा ने आठ मैचों की आठ पारियों में अब तक 120.18 के स्ट्राइक रेट से 256 रन बनाए हैं। आईपीएल-7 में उथप्पा का सर्वोच्च स्कोर 65 रन है। उन्होंने 23 चौके और सात छक्के लगाए हैं।

राजस्थान रॉयल्स के अजिंक्य रहाणे (224 रन) और सनराइजर्स के हैदराबाद के डेविड वार्नर (230) ने भी अपनी उम्दा पारियों एवं निरंतर प्रदर्शन की बदौलत क्रमश: छठा और सातवां स्थान हासिल किया है। रहाणे और वार्नर ने क्रमश: 120.43 और 114.42 के स्ट्राइक रेट से अब तक रन बनाए हैं। वार्नर को टी-20 क्रिकेट में अपने 5000 रन पूरे करने के लिए 82 रनों की दरकार है, और ऐसा करने वाले वह विश्व के पांचवें बल्लेबाज होंगे।

आईपीएल-7 में अब तक एक भी शतक नहीं लगा है। मैक्सवेल तीन बार शतक के करीब पहुंचे हैं। मैक्सवेल और स्मिथ ने सबसे अधिक चार-चार अर्धशतक लगाए हैं जबकि मैक्लम और वार्नर के नाम तीन-तीन अर्धशतक दर्ज हैं।

(एजेंसी)

First Published: Friday, May 9, 2014, 10:46

comments powered by Disqus