IPL नीलामी मेरे लिए भाग्यशाली रहा: दिनेश कार्तिक

IPL नीलामी मेरे लिए भाग्यशाली रहा: दिनेश कार्तिक

IPL नीलामी मेरे लिए भाग्यशाली रहा: दिनेश कार्तिकबेंगलुरु : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सातवें संस्करण के लिए बुधवार को हुई नीलामी में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे दिनेश कार्तिक ने कहा कि उन पर लगे दांव के लिए हुई प्रतिस्पर्धा में वह भाग्यशाली रहे। कार्तिक को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 12.5 करोड़ रुपयों में खरीदा।

कार्तिक ने बेंगलुरू हवाईअड्डे से फोन के जरिए कहा कि वह पिछले आईपीएल संस्करणों में किए गए अपने बेहतर प्रदर्शन के कारण अच्छी कीमत मिलने की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि कार्तिक ने स्वीकार किया वह खुद को इतना भाग्यशाली भी नहीं मान रहे थे कि युवराज सिंह के बाद उन्हें सबसे अधिक कीमत मिल जाएगी।

कार्तिक यहां ईरानी कप में शेष भारत की तरफ से कर्नाटक के खिलाफ समाप्त हुए मुकाबले के बाद चेन्नई के लिए अपने विमान का इंतजार कर रहे थे। कार्तिक ने कहा कि जब किसी एक खिलाड़ी पर दो या तीन टीमें दांव लगाती हैं तो कुछ भी हो सकता है। मैं अपनी खरीदारी से बहुत खुश हूं। निश्चित तौर पर मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि डेयरडेविल्स ने मुझ पर इतना दांव लगाया। मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने चौंकाते हुए कार्तिक को बरकरार रखने का निर्णय नहीं किया। हालांकि मुंबई चाहे तो इसी राशि पर कार्तिक को डेयरडेविल्स से वापस ले सकता है। लेकिन मुंबई इंडियंस के पास टीम गठित करने के लिए कार्तिक पर अब इतना खर्च करने का बजट ही नहीं बचा।

मुंबई ने 2012 में कार्तिक को 10 लाख डॉलर में खरीदा था। अब कार्तिक की अनुपस्थिति में अंबाती रायडू फिर से मुंबई इंडियंस के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 12, 2014, 22:24

comments powered by Disqus