Last Updated: Monday, November 18, 2013, 11:55
कोलकाता : अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो आईपीएल शैली की प्रस्तावित भारतीय कुश्ती लीग का अगले साल की शुरूआत में पदार्पण हो सकता है। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने यह जानकारी दी।
बृज भूषण ने यहां 58वीं सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप के समापन पर कहा, भारतीय कुश्ती लीग की योजना तैयार है और फ्रेंचाइजियों को अंतिम रूप देने के बाद हम आधिकारिक घोषणा करेंगे। टूर्नामेंट की शुरूआत के लिए कम से कम छह फ्रेंचाइजियों की जरूरत है। फिलहाल चार फ्रेंचाइजियों ने इसमें रूचि दिखाई है।
पता चला है कि लीग में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र जैसी फ्रेंजाइजियों ने रूचि दिखाई है। आयोजकों की नजरें दक्षिण और पूर्वी राज्यों की फ्रेंचाइजियों पर है। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष ने कहा कि कुश्ती ने भारत में काफी प्रगति की है और वह नये खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं और उन्हें लंदन ओलंपिक 2012 के एक रजत और एक कांस्य पदक को दोगुना करने की उम्मीद है। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 18, 2013, 11:55