जूनियर हॉकी विश्व कप : मेजबान भारत की निराशाजनक शुरुआत

जूनियर हॉकी विश्व कप : मेजबान भारत की निराशाजनक शुरुआत

नई दिल्ली : मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को शुरू हुए हीरो जूनियर हॉकी विश्व कप के अपने पहले ही पूल मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा। उसे पूल-सी में नीदरलैंड्स ने 3-2 से हराया। मौजूदा चैम्पियन जर्मनी को भी हार मिली लेकिन बेल्जियम, पाकिस्तान, आस्ट्रेलिया, फ्रांस, मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका अपने-अपने पूल मैच जीतने में सफल रहे।

दिन के अंतिम और सबसे अहम मैच में भारतीय टीम मध्यांतर तक 1-3 से पीछे चल रही थी। भारत के लिए गुरजिंदर सिंह ने 13वें और आकाशदीप सिंह ने 42वें मिनट में गोल किए, जबकि दक्षिण अफ्रीका की ओर से मिलान वान बाल ने तीसरे व 28वें और मार्क रिकर्स ने 25वें मिनट में गोल किए।

बाल ने तीसरे मिनट में एक शानदार फील्ड गोल करते हुए नीदरलैंड्स को बढ़त दिलाई थी, लेकिन 10 मिनट बाद ही भारत ने गुरजिंदर द्वारा पेनाल्टी कार्नर पर किए गए गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया। भारत ने बराबरी तो आसानी से कर ली, लेकिन एड़ी चोटी का जोर लगाने के बावजूद भारतीय टीम बढ़त हासिल नहीं कर पाई। भारत द्वारा अपना पहला गोल करने के 13 मिनट बाद रिकर्स ने एक जोरदार फील्ड गोल के माध्यम से नीदरलैंड्स को एक बार फिर 2-1 से आगे कर दिया।

तीन मिनट बाद ही भारत को एक और झटका लगा। बाल ने 28वें मिनट में अपनी टीम का तीसरा और अपना दूसरा गोल किया। यह भी फील्ड गोल था। अब स्कोर 3-1 हो चुका था और जाने-पहचाने हालात में खेल रही भारतीय टीम दबाव में आ चुकी थी। मध्यांतर तक नीदरलैंड्स ने 3-1 की बढ़त बना रखी थी। मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने नई ऊर्जा के साथ आक्रमण शुरू किया। कई प्रयासों के बाद उसे 42वें मिनट में सफलता मिली। आकाशदीप ने एक उम्दा फील्ड गोल की मदद से भारत का दूसरा गोल किया। अब स्कोर 2-3 हो चुका था।

इसके बाद भारत ने बराबरी का भरपूर प्रयास किया लेकिन नीदरलैंड्स की मजबूत रक्षापंक्ति ने उसे अपने गोलपोस्ट तक फटकने भी नहीं दिया। भारत पूल-सी में तीसरे स्थान पर है, जबकि कोरिया पहले और नीदरलैंड्स दूसरे क्रम पर है। भारत का दूसरा मैच शनिवार को कनाडा के साथ है।

दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराया (पूल-डी) : अपने सबसे करिश्माई राजनेता नेल्सन मंडेला के निधन के दुख के बावजूद दक्षिण अफ्रीकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हरा दिया। मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। दक्षिण अफ्रीका के लिए एंड्रयू मैंसन ने 34वें और कप्तान डायाल स्वानपोएल ने 59वें मिनट में गोल किया। इंग्लैंड की ओर से मैच का पहला गोल डेविड गूडफील्ड ने 14वें मिनट में किया था। गूडफील्ड ने फील्ड गोल किया था, जबकि मैंसन ने भी फील्ड गोल दागा था। डायाल ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया था।

पाकिस्तान ने भी की जीत से शुरुआत (पूल-ए) : पाकिस्तान की टीम ने भी जीत के साथ शुरुआत की। पाकिस्तानी टीम ने पूल-ए के मुकाबले में मिस्र को 3-2 से हराया। पाक टीम ने मध्यांतर तक 2-0 की बढ़त बना रखी थी। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद इरफान ने चौथे, शकील अहमद बट्ट ने 30वें और मोहम्मद तौशीक ने 66वें मिनट में गोल किए, जबकि मिस्र के लिए कप्तान अहमद मोहसेन ने 60वें और मोहम्मद रागाब ने 63वें मिनट में गोल दागा।

फ्रांस (पूल-बी) और मलेशिया (पूल-डी) को भी मिली जीत : फ्रांस और मलेशिया ने भी जीत के साथ शुरुआत की। मलेशिया ने जहां न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया वहीं फ्रांस ने स्पेन को 4-3 से पराजित किया। मध्यांतर तक न्यूजीलैंड और मलेशिया 1-1 की बराबरी पर थे। दूसरी ओर, पूल-बी में फ्रांस ने मध्यांतर तक 3-2 की बढ़त बनाई थी। पूल-डी में शामिल मलेशिया के लिए मोहम्मद बिन सबाह ने छठे, मोहम्मद बिन बाहारोम ने 37वें और फिरहान असहारी ने 63वें मिनट में गोल किए। न्यूजीलैंड की ओर से केन रसेल ने दोनों गोल किए। रसेल ने 11वें और 47वें मिनट में गोल दागे। फ्रांस की ओर से हुगो जेनेस्तेत ने 23वें, साइमन मार्टिन ब्रिसाक ने 24वें और 28वें तथा पीटर स्ट्राटेन ने 38वें मिनट में गोल दागे। स्पेन की ओर से अल्वारो इग्लेसियास ने आठवें, अल्बर्ट बेलट्रेन ने 23वें और रिकाडरे सांचेज ने 63वें मिनट में गोल किए।

मौजूदा चैम्पियन जर्मनी को मिली चौंकाने वाली हार (पूल-ए) : मौजूदा चैम्पियन जर्मन को बेल्जियम के हाथों चौंकाने वाली हार मिली। लगातार चार बार यह खिताब अपने नाम कर चुकी जर्मनी की टीम को पूल-ए में यूरोपीयन जूनियर चैम्पियन बेल्जियम से 1-3 की हार मिली। जर्मनी पांचवीं बार खिताब के लिए प्रयासरत है। बेल्जियम की ओर से मैच का पहला गोल 30वें मिनट में तीन नंबर की जर्सी पहनने वाले मैक्सिम कैपेले ने किया। यह एक फील्ड गोल था। इसके बाद कैपेले ने 45वें मिनट में एक और फील्ड गोल करके स्कोर को बेल्जियम के पक्ष में 2-0 कर दिया। जर्मनी को 62वें मिनट में खाता खोलने का मौका मिला। उसकी ओर से 17 नंबर की जर्सी धारण करने वाले क्रिस्टोफर रुर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर यह गोल किया। ऐसा लगा था कि जर्मनी अपनी काबीलियत के साथ इंसाफ करते हुए मैच में जोरदार वापसी करेगी, और बढ़त कायम करेगी। सात नंबर की जर्सी पहनने वाले एलेक्सजेंडर वान ने हालांकि 70वें मिनट में बेल्जियम के लिए तीसरा गोल करते हुए उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

कोरिया (पूल-सी) और आस्ट्रेलिया (पूल-बी) भी जीते : टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में कोरिया ने पूल-सी में कनाडा को 7-4 से रौंद दिया, जबकि आस्ट्रेलिया ने पूल-बी में अर्जेटीना को 5-2 से हराया। कोरियाई टीम मध्यांतर तक 4-1 से आगे थी जबकि, आस्ट्रेलिया ने पहले हाफ की समाप्ति का हूटर बजने तक 3-1 की बढ़त बना रखी थी। कोरिया के लिए सुंगयू यू ने सातवें, 31वें और 42वें मिनट में तीन गोल किए जबकि इनवू सियो ने भी दूसरे, 16वें और 37वें मिनट में गोल दागे। मिंगयोंग यू ने 49वें मिनट में एक गोल किया। आस्ट्रेलिया की ओर से जस्टिन डगलस ने 14वें, फ्रैंक मेन ने 16वें, कप्तान डेनियल वियेले ने 17वें, जेरेमी हेवार्ड ने 42वें और केसे हेमंड ने 49वें मिनट में गोल किए। अर्जेटीना की ओर से जैक्विन लियोनेल ने 31वें और कप्तान गोंजालो पिलाट ने 64वें मिनट में गोल दागे। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 6, 2013, 22:27

comments powered by Disqus