Last Updated: Monday, April 14, 2014, 20:35

नई दिल्ली : महेंद्र सिंह धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान होने के साथ-साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के भी सबसे सफल कप्तान हैं। वह कप्तान के तौर पर अब तक 96 मैच खेल चुके हैं और लीग के सातवें संस्करण में उनका बतौर कप्तान मैचों का शतक लगाना तय है।
धोनी के नाम यह एक बेमिसाल रिकार्ड साबित करता है कि वह कितने सफल, विचारशील और सशक्त कप्तान हैं। धोनी ने 2008 में आईपीएल की शुरुआत के बाद से अब तक न तो चेन्नई सुपर किंग्स टीम का साथ छोड़ा है और न ही कप्तानी छोड़ी है। धोनी की कप्तानी में सुपर किंग्स ने 58 मैचों में जीत हासिल की है। उसे 37 मैचों में हार मिली है जबकि एक मैच अनिर्णित रहा है। सुपर किंग्स ने दो बार खिताबी जीत हासिल की है। बीते साल सुपर किंग्स को मुम्बई इंडियंस के हाथों फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
धोनी ने कप्तान के तौर पर 61.05 प्रतिशत सफलता हासिल की है। सफलता के औसत के लिहाज से अब तक कोई भी कप्तान धोनी के पास भी नहीं फटक सका है। इसका कारण यह है कि बाकी सभी टीमों ने समय-समय पर अपने कप्तान बदले हैं या फिर कप्तानी कर रहे सीनियर खिलाड़ियों ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। धोनी के बाद सबसे सफल कप्तान एडम गिलक्रिस्ट रहे हैं। गिलक्रिस्ट ने डेक्कन चार्जर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के लिए 74 मैचों में कप्तानी की और 35 मैच जीते। 39 मैचों में उनकी टीमों को हार मिली। गिलक्रिस्ट का सफलता प्रतिशत 47.29 रहा है।
इसके बाद दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाइट राइर्ड्स के कप्तान गौतम गम्भीर का स्थान है। गम्भीर ने अब तक 63 मैचों में कप्तानी की है और 35 मैच जीते हैं। 28 मैचों में उनकी टीमों को हार मिली है। गम्भीर की कप्तानी में नाइट राइर्ड्स ने 2012 में पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था। इसके बाद शेन वार्न (55 मैच, राजस्थान रॉयल्स), वीरेंद्र सहवाग (52 मैच, दिल्ली डेयडेविल्स) और सचिन तेंदुलकर (51 मैच, मुम्बई इंडियंस) का स्थान है। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 14, 2014, 20:35