Last Updated: Saturday, May 31, 2014, 20:58
नई दिल्ली : खराब फार्म के कारण एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता रंजन सोढ़ी आगामी राष्ट्रमंडल खेलों की 30 सदस्यीय भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं। टीम में अभिनव बिंद्रा और विजय कुमार जैसे शीर्ष निशानेबाजों को जगह मिली है।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ की चयन समिति ने शाटगन टीम का चयन किया जिसमें 10 निशानेबाज छह स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे। प्रतियोगिता के लिए राइफल और पिस्टल टीम का चयन पिछले महीने किया गया था। राइफल और पिस्टल प्रतियोगिताएं ग्लास्गो में 23 जुलाई से तीन अगस्त तक होंगी।
निशानेबाजों का चयन इस महीने की शुरूआत में अलमाटी में आईएसएसएफ शाटगन विश्व कप के दौरान चयन ट्रायल के स्कोर के आधार पर किया गया है। एनआरएआई ने एक बयान में कहा, ‘राष्ट्रमंडल खेल 2014 के कार्यक्रम से जोड़ियों की स्पर्धाओं को हटा दिया गया है और इससे राष्ट्रमंडल खेल 2014 में राष्ट्रमंडल खेल 2010 की तुलना में पदकों की संख्या कम हो गई है।’
इसमें कहा गया, ‘दो पिस्टल स्पर्धाओं सेंटर फायर पिस्टल और स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धाओं को भी हटा दिया गया है। इन दोनों स्पर्धाओं की जगह कार्यक्रम में महिला डबल ट्रैप और स्कीट महिला स्पर्धाओं को शामिल किया गया है।’ टीम में हाल में आईएसएसएफ विश्व कप विजेता मानवजीत सिंह संधू, हीना सिद्धू और लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता गगन नारंग भी शामिल हैं। भारतीय निशानेबाजों ने नयी दिल्ली में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में 14 स्पर्ध, 11 रजत और पांच कांस्य पदक जीते थे। टीम इस प्रकार है-
50 मीटर राइफल थ्री पाजीशन पुरूष : संजीव राजपूत, गगन नारंग
50 मीटर राइफल प्रोन पुरूष : गगन नारंग, जयदीप करमाकर
10 मीटर राइफल पुरूष : अभिनव बिंद्रा, रवि कुमार
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरूष : विजय कुमार, हरप्रीत सिंह
50 मीटर पिस्टल पुरूष : जीतू राय, गुरपाल सिंह
10 मीटर पिस्टल पुरूष : पीएन प्रकाश, ओम प्रकाश
50 मीटर थ्री राइफल पाजीशन महिला : लज्जा गोस्वामी, एलिजाबेथ सुसान कोशी
50 मीटर राइफल प्रोन महिला : लज्जा गोस्वामी, मीना कुमारी
10 मीटर राइफल महिला : अयोनिका पॉल, अपूर्वी चंदेला
25 मीटर पिस्टल महिला : राही सरनोबत, अनीसा सईद
10 मीटर पिस्टल महिला : हीना सिद्धू, मलाइका गोयल
ट्रैप पुरूष : मानवजीत सिंह संधू, मानशेर सिंह
डबल ट्रैप पुरूष : मोहम्मद असाब, अंकुर मित्तल
स्कीट पुरूष : माईराज अहमद खान, बाबा पीएस बेदी
ट्रैप महिला : श्रेयसी सिंह, सीमा तोमर
डबल ट्रैप महिला : श्रेयसी सिंह, वर्षा वर्मन
स्कीट महिला : आरती सिंह राव।
First Published: Saturday, May 31, 2014, 20:58